यूपी का बदला मौसम: कहीं बारिश तो कहीं तेज धूप, बिजनौर-मुरादाबाद में बारिश, मेरठ-लखनऊ में बढ़ी गर्मी

लखनऊः बीते 24 घण्टों के पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लगभग सभी स्थानों पर हल्की से माध्यम तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनेक स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की वर्षा दर्ज की गई. इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बादलों के गरजने के साथ ही झोंकेदार हवा दर्ज की गई है. आंकड़ों की मानें तो प्रदेश में झोंको के साथ हवा की अधिकतम गति बांदा में 74 किमी/घंटा दर्ज की गई है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं पर तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी दर्ज की गई है.

बारिश से कई जिलों में तापमान गिरा: प्रदेश से होकर गुजर रहे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शनिवार को पूर्वांचल के कुछ जिलों में दिन भर बादलों ने डेरा डाला रहा. हल्की वर्षा के परिणामस्वरूप दिन के अधिकतम तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट के अतिरिक्त प्रदेश के अन्य भागों से इसका प्रभाव समाप्त होने के साथ मौसम साफ़ होने से तापमान में तेजी से बढ़ोत्तरी आनी आरम्भ हो गई.

पिछले 24 घंटे में बारिश के टॉप 10 जिले
पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक बारिश बिजनौर जिले में 25.2 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा मुरादाबाद में 10.8, अमरोहा में 10, बहराइच में 18.8, बलरामपुर में 22. 4, बांदा में 15.4, बाराबंकी में 21.8, गोंडा में 10.8, लखनऊ में 6.7, बस्ती में 6 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई.

लखनऊ के मौसम पर एक नजर: 
राजधानी लखनऊ में शनिवार को बादलों की आवाजाही जारी रही. तेज रफ्तार हवा भी चलती रही. मौसम में नमी होने तथा हवा चलने के कारण हल्की ठंडक बरकरार रही. अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य से 8 डिग्री सेल्सियस कम है. वहीं, न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किए गए जो की सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है.

बिजनौर सबसे ठंडा: 
शनिवार को उत्तर प्रदेश का बिजनौर सबसे ठंडा जिला रहा जहां पर न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम है. वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान अयोध्या जिले में 33 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य है.

मेरठ में मौसम ने ली करवट: मेरठ में बीते दिनों हुई बारिश ने मौसम में बड़ा बदलाव आया है. रविवार सुबह 7 बजे न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं आज अधिकतम तापमान 28 डिग्री रहने का अनुमान है. आज दिन में मौसम साफ रहेगा. वहीं एयर क्वालिटी इंडेक्स 94 पर पहुंचा है. फिलहाल मौसम विज्ञान विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है.

मौसम विज्ञानी क्या बोले: 
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि मौसम तन्त्र का प्रभाव 22 मार्च से पूर्णतया समाप्त हो जाने पर अधिकतम तापमान में आगामी 5-6 दिनों के दौरान 7-10°C की क्रमिक व्यापक बढ़ोत्तरी होने की संभावना है. इसी कड़ी में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से नीचे पहुंच जाने, नमी बढ़ने से सुबह में कहीं-कहीं हल्की धुन्ध की स्थितियां बन सकती हैं.