लखनऊ: राजधानी लखनऊ के गोसाईगंज स्थित हुसैनाबाद दुल्हापुर गांव से रविवार को प्रदेशव्यापी जल महोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ. जल जीवन मिशन के तहत शुरू हुआ यह अभियान 22 मार्च तक उत्तर प्रदेश के उन 22,000 गांवों में चलाया जाएगा, जहां शत-प्रतिशत घरों में नल से जल पहुंचाया जा चुका है. इसी के साथ मोहनलालगंज के विधायक अमरेश कुमार ने ग्राम प्रधान को जल कलश सौंपकर गांव में जलापूर्ति की पूरी कमान औपचारिक रूप से ग्राम पंचायत को सुपुर्द की.
हर घर नल, हर घर खुशहाली: राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन के इस कार्यक्रम के तहत हुसैनाबाद दूल्हापुर के सभी 760 घरों को पाइपलाइन से जोड़ दिया गया है. विधायक अमरेश कुमार ने ग्रामीणों से जल संरक्षण की अपील करते हुए कहा, “सरकार ने हर घर तक पानी पहुंचाकर अपना संकल्प पूरा किया है. अब इस अनमोल जल को बचाने की जिम्मेदारी आपकी है. पानी की एक बूंद भी बर्बाद नहीं होनी चाहिए. विधायक ने खुद गांव के नल से पानी पीकर इसकी गुणवत्ता की जांच की.
2.25 लाख तक पहुंचा कनेक्शन का आंकड़ा: जल निगम ग्रामीण के एमडी डॉ. राजशेखर ने बताया कि जिले में जल जीवन मिशन की प्रगति क्रांतिकारी रही है. योजना शुरू होने से पहले जिले के गांवों में मात्र 25,000 नल कनेक्शन थे, जो कि आज बढ़कर 2.25 लाख से अधिक हो गए हैं. हुसैनाबाद और दूल्हापुर में 11 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है, ताकि हर परिवार को शुद्ध पेयजल मिल सके.
10 साल तक एजेंसी करेगी मेंटेनेंस: योजना के टिकाऊपन को सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने एक ठोस मॉडल तैयार किया है. कार्यदायी एजेंसी अगले 10 सालों तक परियोजना के संचालन, रखरखाव और पानी की गुणवत्ता की सतत निगरानी करेगी. इससे ग्रामीणों को तकनीकी समस्याओं या मरम्मत की चिंता से मुक्ति मिलेगी.
जिले के 42 ग्राम प्रधानों को सम्मान: कार्यक्रम की शुरुआत स्कूली बच्चों की प्रभात फेरी से हुई, जिन्होंने ग्रामीणों को स्वच्छता का संदेश दिया. बच्चों ने नलों को राखी बांधकर जल बंधन किया और जल बचाने का संकल्प लिया. इसके अलावा, बेहतर कार्य करने वाले लखनऊ, सीतापुर और हरदोई समेत विभिन्न जिले के 42 ग्राम प्रधानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.