लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार ने ओलावृष्टि और भारी बारिश से प्रभावित किसानों को 4.60 करोड़ से अधिक की मुआवजा राशि वितरित की है. कुल 21 जिलों में ओलावृष्टि और 17 जिलों में अतिवृष्टि से फसलों को नुकसान हुआ था। ललितपुर और सहारनपुर जैसे जिलों में नुकसान का आकलन अब भी जारी है.
ओलावृष्टि और अतिवृष्टि, नुकसान और राहत का आंकड़ा
सरकार द्वारा जारी ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार, नुकसान की भरपाई के लिए उठाए गए कदम निम्नवत हैं प्रदेश के 21 जनपदों में 244.23 हेक्टेयर फसल प्रभावित हुई. इसके लिए 286 किसानों को अब तक 13.34 लाख से अधिक की राहत राशि बांटी जा चुकी है.अधिक वर्षा से 17 जनपदों में 4053.11 हेक्टेयर फसल को नुकसान पहुँचा. इससे प्रभावित 9,992 किसानों के खातों में 4.47 करोड़ से अधिक की राशि भेजी गई है.
सहारनपुर और ललितपुर की स्थिति
सहारनपुर के 5 गांवों और ललितपुर की 3 तहसीलों में बड़े पैमाने पर करीब 1661 हेक्टेयर फसल क्षति दर्ज की गई है, जहाँ हजारों किसान प्रभावित हुए हैं.
फील्ड में उतरे अधिकारी, तेजी से हो रहा आकलन
मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन और कृषि विभाग के अधिकारी लगातार खेतों का दौरा कर रहे हैं 15 से 22 मार्च के बीच हुई बेमौसम बारिश का डेटा तेजी से इकट्ठा किया जा रहा है. यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि राहत राशि सीधे पात्र किसानों के बैंक खातों में पहुँचे. सरकार का लक्ष्य है कि किसानों को जल्द से जल्द आर्थिक मदद मिले, ताकि वे अगली फसल की बुवाई की तैयारी कर सकें.
मुख्यमंत्री के सख्त निर्देश
योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को चेतावनी दी है कि राहत कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. शेष बचे प्रभावित किसानों का डेटा जल्द पोर्टल पर फीड कर उन्हें भी भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया है.
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बीते दिनों हुई भारी बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार ने त्वरित कार्रवाई की है. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि आपदा की इस घड़ी में सरकार पूरी तरह किसानों के साथ खड़ी है.