यूपी के हर ब्लॉक में खुलेंगे पशु औषधि केंद्र, पशुपालकों को सस्ती दवाओं की सुविध

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पशुपालकों के हित में बड़ा कदम उठाने जा रही है. इससे पशुपालकों को राहत मिलेगी. पशुपालकों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण पशु औषधियां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र की तर्ज पर पशु औषधि केंद्र खोले जाएंगे.

लखनऊ के मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि जनपद के प्रत्येक विकास खंड में एक पशु औषधि केंद्र खोला जाएगा. इससे पशुपालकों को पशुओं के उपचार के लिए दवाएं किफायती दरों पर सुलभ हो सकेंगी.

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि पशु औषधि केंद्र खोलने के लिए आवेदन करने वाले आवेदक को फार्मासिस्ट का नाम और उसका वैध पंजीकरण विवरण, दुकान के लिए न्यूनतम 120 वर्ग फुट स्थान का प्रमाण पत्र और ड्रग सेल लाइसेंस का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा.

 

उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत प्रधानमंत्री कृषक समृद्धि केंद्र और सहकारी समितियों से जुड़े योग्य लाभार्थियों को प्राथमिकता प्रदान की जाएगी. यह योजना भारत सरकार की पशुधन स्वास्थ्य एवं बीमारी नियंत्रण कार्यक्रम (LHDCP) के अंतर्गत संचालित की जाएगी.

पशु औषधि केंद्र स्थापित करने के इच्छुक आवेदकों को 5000 रुपए का शुल्क अदा करना होगा. आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी, जिसके लिए इच्छुक अभ्यर्थी http://pashuaushadhi.dahd.gov.in पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं.

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि पशु औषधि केंद्रों की स्थापना से पशुपालकों को समय पर सस्ती दवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे पशुधन स्वास्थ्य में सुधार के साथ-साथ पशुपालन को और अधिक लाभकारी बनाया जा सकेगा. पशपालकों को इससे काफी कम कीमत पर दवाएं मिल जाएंगी और उन्हें इधर-उधर भटकने की आवश्यकता भी नहीं पड़ेगी.