यूपी के 30 जिलों में आज बारिश के आसार, धीरे-धीरे थमेगा मानसून

लखनऊ: पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता में कमी आई है. इसके बावजूद पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ कहीं भारी और कहीं ज्यादा भारी बारिश दर्ज की गई. वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश रिकॉर्ड हुई है. ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क ही रहा.

मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि प्रदेश के मध्यवर्ती भाग पर अवस्थित निम्नदाब क्षेत्र कमजोर पड़ रहा है. साथ ही मानसून द्रोणी के कमजोर होने से प्रादेशिक मानसूनी प्रवाह कमजोर होगा. इससे आने वाले दिनों में प्रादेशिक मानसूनी सक्रियता में व्यापक कमी होगी. इस वजह से प्रदेश में पिछले कई दिनों से जारी भारी बारिश का दौर थम जाने की संभावना है.

हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश पर संकेंद्रित चक्रवाती परिसंचरण से पूर्वांचल में कही-कहीं छिटपुट वर्षा होगी. इसके अलावा आने वाले 2 दिनों के दौरान प्रदेश के पश्चिमी और सटे हुए मध्यवर्ती भाग में मौसम मुख्यतः शुष्क रह सकता है. बंगाल की खाड़ी में दक्षिणी उड़ीसा-उत्तरी आंध्र प्रदेश तट पर संभावित निम्न दाब क्षेत्र के प्रभाव से इसमें मामूली वृद्धि के बावजूद प्रदेश में कोई व्यापक वर्षा संभावित नहीं है.

उत्तर प्रदेश में सामान्य हुई बारिश: उत्तर प्रदेश में 1 जून से लेकर 9 सितंबर तक अनुमानित बारिश 653 मिलीमीटर के सापेक्ष 651 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई है. यह सामान्य है.

पिछले 24 घंटे के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनुमानित बारिश 6.6 मिलीमीटर के सापेक्ष 3.5 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई. यह सामान्य से 47% कम है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अनुमानित बारिश 5 मिलीमीटर के सापेक्ष 0.7 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई. यह सामान्य से 87% कम है.

इन जिलों में बारिश की संभावना: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, जौनपुर, मिर्जापुर, आजमगढ़, वाराणसी, चंदौली, देवरिया, मऊ, गाजीपुर, सोनभद्र, कुशीनगर, सिद्धार्थ नगर, महाराजगंज, गोरखपुर, बस्ती, संत रविदास नगर, संत कबीर नगर, अंबेडकर नगर, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, सीतापुर, उन्नाव, हरदोई, कानपुर नगर, कानपुर देहात, फतेहपुर, बरेली, बदायूं, एटा पीलीभीत, शाहजहांपुर और मैनपुरी में बारिश की संभावना जताई गई है.

राजधानी का मौसम: लखनऊ में बुधवार को सुबह से ही आसमान साफ रहा. दिन में तेज धूप निकली और तेज धूप निकलने के कारण अधिकतम तापमान में मंगलवार के मुकाबले दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई. अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं, न्यूनतम तापमान 27. 6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है.

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार गुरुवार को लखनऊ में बादल छाए रहेंगे. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

कानपुर देहात सबसे गर्म: बुधवार को उत्तर प्रदेश का कानपुर देहात सबसे गर्म जिला रहा. वहां पर अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान बाराबंकी जिले में 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस कम है.