लखनऊ: वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने योगी सरकार का 10वां बजट सदन में प्रस्तुत कर दिया है. बजट में पिछली बार के मुकाबले लगभग 80000 करोड़ के अतिरिक्त प्रावधान किए गए. लगभग 9.13 लाख करोड़ रुपए का बजट प्रस्तुत किया गया. वित्तीय वर्ष 2026-2027 के लिये प्रस्तुत बजट का आकार 9,12,696.35 करोड़ (09 लाख 12 हजार 696 करोड़ 35 लाख रुपये) है. जो वित्तीय वर्ष 2025-2026 की तुलना में लगभग 12.9 प्रतिशत अधिक हैइधर, बजट के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मीडिया से मुखातिब हुए. सीएम योगी ने बजट को सराहा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बजट को लेकर कहा कि यूपी पिछले 9 साल में पैरालिसिस क्राइसिस से निकलकर पोटेंशियल की ओर बढ़ चला है. राज्य भारत की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है. हमारा इस बार का बजट उत्तर प्रदेश को देश की नंबर वन अर्थव्यवस्था बनने की ओर एक कदम है. मुख्यमंत्री ने इसको उत्तर प्रदेश के नवनिर्माण का बजट कहा है.
मुख्यमंत्री ने प्रेस वार्ता में कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-2027 के लिए अब तक का सबसे बड़ा बजट पेश किया है. विधानसभा में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना द्वारा प्रस्तुत इस बजट का कुल आकार 9,12,696 करोड़ रुपये से अधिक है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 12.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रेस वार्ता में इसे 9 वर्ष के नवनिर्माण का बजट करार दिया और कहा कि पिछले नौ वर्षों में राज्य का बजट तीन गुना से अधिक बढ़ा है, जबकि कोई नया टैक्स नहीं लगाया गया. बजट की प्रमुख थीम सुरक्षित नारी, सक्षम युवा और खुशहाल किसान है.
मुख्यमंत्री योगी ने जोर दिया कि रूल ऑफ लॉ वास्तविक विकास की गारंटी है, जिसके कारण उत्तर प्रदेश में 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आया है. राज्य ने पॉलिसी पैरालिसिस से उबरकर खुद को अनलिमिटेड पोटेंशियल वाला राज्य के रूप में स्थापित किया है. कैपिटल एक्सपेंडिचर के लिए 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि आवंटित की गई है, जो इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, परिसंपत्ति निर्माण और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. नई योजनाओं के लिए 43,565 करोड़ रुपये से अधिक प्रस्तावित हैं.
कहा कि, कृषि क्षेत्र में किसानों को केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास का भागीदार बनाने पर फोकस है. वर्ल्ड बैंक के सहयोग से UP Agries को बढ़ावा दिया जा रहा है, साथ ही वेयरहाउसिंग और बड़े गोदामों के निर्माण के लिए सब्सिडी की व्यवस्था की गई है. सीएम योगी ने कहा कि यह बजट पहली बार किसी सरकार का 10वां बजट है. सिटी इकनॉमिक जोन विकसित करने के लिए क्लस्टर डेवलपमेंट की नई पहल पर प्रावधान किया गया है. बजट में युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए विशेष प्राथमिकता दी गई है, जिसमें रोजगार सृजन, महिला सुरक्षा और कृषि सुधार प्रमुख हैं.यह बजट योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल का अंतिम पूर्ण बजट है, जो 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की प्रगति और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने का संकल्प दर्शाता है. मुख्यमंत्री ने इसे आत्मनिर्भर और विकसित उत्तर प्रदेश की दिशा में मजबूत कदम बताया