लखनऊ:राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ सम्बन्धी परियोजनाओं की समीक्षा की। इस मौके पर उन्होंने बाढ़ के स्थायी समाधान के लिए नदी की स्थानीय परिस्थितियों के अध्ययन के निर्देश दिए हैं। कहा कि जहां कहीं नदी की मुख्य धारा में सिल्ट की अधिकता हो, नदी उथली हो, वहां ड्रेजिंग को प्राथमिकता दी जाए और नदी को चैनलाइज किया जाए।
शुक्रवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बाढ़ प्रबंधन और सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दशकों से बाढ़ जन-धन हानि का बड़ा कारण रही है। इसके स्थायी समाधान के लिए पिछले आठ वर्षों में किए गए प्रयासों के अच्छे परिणाम मिले हैं। बाढ़ की दृष्टि से अति संवेदनशील जिलों की संख्या में काफी कमी आई है। विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार आधुनिकतम तकनीक का प्रयोग कर बाढ़ का खतरा न्यूनतम करने में सफलता पाई है।