UP Board: माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश यानी यूपी बोर्ड ने कक्षा 10वीं की परीक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। शासन के आदेश के तहत अब हाईस्कूल में विज्ञान और गृह विज्ञान विषयों में स्कूल स्तर पर होने वाले आंतरिक मूल्यांकन की व्यवस्था खत्म कर दी गई है।
इसके स्थान पर इन दोनों विषयों में अब 30 अंकों की प्रयोगात्मक परीक्षा होगी। यह परीक्षा यूपी बोर्ड यानी परिषद की ओर से अलग से आयोजित की जाएगी। इस संबंध में यूपी बोर्ड की ओर से विज्ञप्ति जारी की गई है। इसमें परिषद के विनियमों के अध्याय-13 के विनियम-3 में किए गए संशोधन की जानकारी दी गई है।
क्या बाकी विषयों के प्रयोगात्मक मूल्यांकन में भी बदलाव हुआ है?
नहीं। विज्ञान और गृह विज्ञान को छोड़कर बाकी सभी विषयों में पहले वाली व्यवस्था जारी रहेगी। अन्य विषयों में प्रयोगात्मक कार्यों का आंतरिक मूल्यांकन स्कूल स्तर पर 5 प्वाइंट स्केल ग्रेडिंग के आधार पर ही किया जाएगा। इसे इस तरह समझ सकते हैं:
| विषय | नई मूल्यांकन व्यवस्था |
|---|---|
| विज्ञान | परिषद की ओर से 30 अंकों की प्रयोगात्मक परीक्षा |
| गृह विज्ञान | परिषद की ओर से 30 अंकों की प्रयोगात्मक परीक्षा |
| अन्य विषय | स्कूल स्तर पर 5 प्वाइंट स्केल ग्रेडिंग के आधार पर आंतरिक मूल्यांकन |