यूपी में अगले 24 घंटे में मानसून होगा और सक्रिय, 50 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में दक्षिणी पश्चिमी मानसून की एंट्री के बाद कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई. अधिकतम तापमान में 4 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई. इससे मानसून आने के पहले पड़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव कंडीशन से प्रदेशवासियों को राहत मिली. मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल खाड़ी में बने निम्न दबाव का क्षेत्रफल रविवार को अवदाब में बदल गया है, जिसके कारण प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हुई. हालांकि मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 घंटों में मानसून की रफ्तार फिर तेज होगी. कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार सोमवार को उत्तर प्रदेश के 50 से अधिक जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से हवा चलेगी. साथ ही साथ कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होगी. इस दौरान कहीं-कहीं पर गरज चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है. वहीं पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्रफल के कारण मानसून कुछ देर के लिए प्रभावित हुआ, जिसके कारण उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार कम हुई है.

इन जिलों में हुई बारिश: रविवार को राजधानी लखनऊ, कानपुर नगर, कानपुर देहात, इटावा, लखीमपुर खीरी, गोरखपुर, बहराइच, प्रयागराज, सुल्तानपुर, आजमगढ़, बरेली, शाहजहांपुर, बिजनौर, मेरठ और संभल के आसपास के इलाकों में गरज चमक के साथ कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश हुई.

अब तक 46% कम हुई बारिश: उत्तर प्रदेश में 1 जून से लेकर 5 जुलाई तक अनुमानित बारिश 125.6 मिली मीटर के सापेक्ष 67.7 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 46% कम है. वहीं पिछले 24 घंटे में अनुमानित बारिश 7.6 मिली मीटर के सापेक्ष 1.01 मिमी रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 86% कम है.

बादल गरजने और बिजली गिरने की चेतावनी इन जिलों में: बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आस पास के क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया है.

लखनऊ में बारिश का अलर्ट: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार सोमवार को लखनऊ में मुख्यतः आसमान साफ रहेगा. दिन में बादलों की आवाजाही रहेगी. अचानक गरज चमक के साथ बारिश होने और बिजली गिरने की भी संभावना है. अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

बांदा सबसे ज्यादा गर्म जिला: रविवार को उत्तर प्रदेश का बांदा सबसे अधिक गर्म जिला रहा, जहां पर अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बस्ती जिले में 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस कम है.

मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि उत्तरी पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बने निम्नदाब क्षेत्र के कारण मानसूनी सक्रियता में बढ़ोत्तरी के संकेत मिले हैं. उत्तरी पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दाब क्षेत्र के कारण भी मौसम में बदलाव आया है. रविवार शाम उत्तरी उड़ीसा तट पार करके उत्तरी छत्तीसगढ़ की ओर बढने और वर्तमान पश्चिमी विक्षोभ के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश में मौसमी सक्रियता बढ़ी है. आज कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. अगले 24 घंटे में यूपी में मानसूनी बारिश रफ्तार पकड़ेगी.