लखनऊ: यूपी में शनिवार को मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पश्चिमी इलाकों में कुछ जगहों पर भारी और कुछ इलाकों में बहुत तेज बारिश हो सकती है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में मूसलाधार और कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है.
पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय रहा जिसके चलते पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में भारी से अधिक भारी बारिश हुई. वहीं पूर्व उत्तर प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर भारी तथा कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश दर्ज की गई.
115% अधिक हुई बारिश: पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश में अनुमानित बारिश 7.01 मिली मीटर के सापेक्ष 15.3 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 115% अधिक है.
- 1 जून से 7 अगस्त तक अनुमानित बारिश 409 मिली मीटर के सापेक्ष 331.3 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 19% कम है.
- पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनुमानित बारिश 436.7 मिली मीटर के सापेक्ष 325.6 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 25% कम है.
- वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अनुमानित बारिश 370 मिली मीटर के सापेक्ष 339 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 8% कम है.
पिछले 24 घंटे में बारिश के टॉप 10 जिले: फर्रुखाबाद 37.9 मिली मीटर, कन्नौज 26.5, प्रयागराज 27.2, सोनभद्र 25, बुलंदशहर 48, बिजनौर 42.5, संभल 79, हमीरपुर 39, फिरोजाबाद 33, जालौन 38.5 मिली मीटर बारिश रिकॉर्ड की गई.
इन जिलों में बारिश का पूर्वानुमान: जालौन, झांसी, हमीरपुर, महोबा, ललितपुर, बांदा, फतेहपुर, चित्रकूट, प्रयागराज, कौशांबी, मिर्जापुर, चंदौली, सोनभद्र, गाजीपुर, बलिया, मऊ, देवरिया, आजमगढ़, इटावा, मैनपुरी, औरैया, कन्नौज, एटा, फिरोजपुर, हाथरस, अलीगढ़, मैनपुरी, मथुरा, आगरा, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, बागपत, शामली और आसपास के क्षेत्रों में चेतावनी जारी की गई है.
ऐसा रहेगा लखनऊ का वेदर: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शनिवार को लखनऊ में कुछ जगहों पर बादलों की आवाजाही रहेगी. दिन में आसमान साफ रहेगा, तेज धूप खिलेगी. अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
फर्रुखाबाद सबसे गर्म जिला: शुक्रवार को उत्तर प्रदेश का फर्रुखाबाद सबसे अधिक गर्म जिला रहा, जहां पर अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम है.
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि तटीय गांगेय पश्चिम बंगाल और संलग्न उत्तरी पश्चिमी बंगाल की खाड़ी पर एक अन्य निम्न दबाव क्षेत्र बनने और इसके मानसूनी द्रोणी की अक्ष रेखा के साथ पश्चिम-उत्तर-पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ने से आगामी 4 दिनों के दौरान विशेष रूप से प्रदेश के दक्षिणी भाग में सुदृढ़ मानसूनी प्रवाह को देखते हुए कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है.