लखनऊ: उत्तर प्रदेश में चाइनीज मांझे पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है. लखनऊ के हैदरगंज में युवक की गर्दन की नस कटने से मौत के बाद शासन ने फैसला लिया है. सीएम योगी ने मामले में सख्त रुख अख्तियार करते हुए न सिर्फ प्रतिबंध के निर्देश दिए, बल्कि इसे हत्या की श्रेणी में रखने का आदेश दिया है.
सीएम योगी ने पुलिस अधिकारियों को प्रदेश भर में बड़े पैमाने पर छापेमारी और अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं. यह फैसला राजधानी लखनऊ में बुधवार की शाम हुई एक दिल दहला देने वाली घटना के बाद आया है.
बुधवार शाम को हैदरगंज ओवरब्रिज के पास बाइक से जा रहे 33 वर्षीय मोहम्मद शोएब निवासी दुबग्गा के गले में अचानक चाइनीज मांझा फंस गया. तेज धागे ने उनकी गर्दन की नसें काट दीं. खून से लथपथ होकर वे बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े और करीब 10 मिनट तक तड़पते रहे.
राहगीरों ने उन्हें तुरंत ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. इस हादसे से इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और लोग प्रतिबंधित मांझे की खुलेआम बिक्री पर सवाल उठाने लगे.
राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी ने इस घटना का संज्ञान लिया है. उन्होंने पूछा कि जब चाइनीज मांझे पर पहले से ही प्रतिबंध है, तो बाजार में यह कैसे उपलब्ध हो रहा है?
उन्होंने साफ कहा कि अब ऐसे धागे से होने वाली किसी भी मौत को हत्या माना जाएगा और दोषियों पर उसी आधार पर सख्त कार्रवाई होगी. सीएम ने पूरे प्रदेश में विशेष अभियान चलाने के आदेश दिए हैं.
पुलिस को निर्देश है कि जिलेवार छापेमारी कर मांझे की बिक्री, भंडारण, सप्लाई करने वालों को पकड़ा जाए. अवैध सप्लाई चेन की पहचान कर बड़े स्तर पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. इसकी उच्च स्तर पर समीक्षा भी होगी.