यूपी में ठंड और शीतलहर कहर बरपा रही; मुजफ्फरनगर में सबसे ज्यादा गिरा तापमान, कोहरा बना मुसीबत

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सुबह-शाम के समय हल्का कोहरा पड़ने के साथ ही ठंड में वृद्धि जारी है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आगामी तीन दिनों के अंदर अधिकतम तापमान में दो तथा न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की कमी होगी. इस बार पिछले वर्ष की तुलना में अधिक ठंडक होगी और शीतलहर के समय में भी वृद्धि होगी.

पिछले 24 घंटे के दौरान उत्तर प्रदेश के दोनों मौसम संभागों में मौसम शुष्क रहा. पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम कोहरा दर्ज किया गया तथा पश्चिमी में हल्का कोहरा छाया, प्राप्त आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में न्यूनतम दृश्यता 400 मीटर प्रयागराज एवं कानपुर में दर्ज की गई.

केंद्रीय प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों का एयर क्वालिटी इंडेक्स इस तरह रहा. आगरा 152, बागपत 363, बरेली 92, सीजन गाजियाबाद 324, गोरखपुर 106, ग्रेटर नोएडा 324, झांसी 40, कानपुर 192, लखनऊ 200, मेरठ 263, मुरादाबाद 147, नोएडा 365, मुजफ्फरनगर 272, वाराणसी में 118 दर्ज किया गया.

लखनऊ के विभिन्न क्षेत्र में एयर क्वालिटी इंडेक्स: भीमराव अंबेडकर यूनिवर्सिटी 189, गोमती नगर 195, केंद्रीय विद्यालय 218, कुकरैल पिकनिक स्पॉट 113, लालबाग 210, तालकटोरा 277.

राजधानी में आज ऐसा रहेगा मौसम: राजधानी में बुधवार को सुबह-शाम के समय हल्का कोहरा छाया रहा. दिन में आसमान साफ रहा और धूप खिली. अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य है. वहीं न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार गुरुवार को सुबह-शाम के समय हल्का कोहरा छाया रहेगा. दिन में आसमान साफ रहेगा और धूप खिलेगी. अधिकतम तापमान 24 न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

मुजफ्फरनगर सबसे ठंडा : बुधवार को मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश का सबसे ठंडा रहा. यहां न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो कि सामान्य है. वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान कानपुर देहात जिले में 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य है.

मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि आने वाले तीन दिनों के अंदर अधिकतम-न्यूनतम तापमान में 1 से लेकर 4 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की जाएगी. जिससे ठंडक में इजाफा होगा. मौसम शुष्क बना रहेगा.