लखनऊ: नए साल के पहले दिन उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. कोहरे और कोल्ड डे के बीच बारिश की एंट्री भी होने वाली है. लोगों को सर्दी के ट्रिपल अटैक से जूझना होगा कोहरा और शीतलहर जहां लोगों को परेशान कर रही है, वहीं अब बारिश भी अपना असर दिखाएगी.
मौसम विज्ञान विभाग में गुरुवार को प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा प्रदेश से कई इलाकों में सुबह शाम के समय घना कोहरा छाए रहने तथा कोल्ड डे की चेतावनी भी जारी की है.
इन इलाकों में घने से बहुत घने कोहरे की संभावना: देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर एवं आसपास के इलाकों में घने से बहुत घने कोहरे की आशंका है.
घने कोहरे वाले इलाके: बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, गाजीपुर, मऊ, बलिया, संत कबीर नगर, बस्ती, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, कानपुर देहात, कानपुर नगर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर एवं आसपास के इलाकों में घने कोहरे का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है.
लखनऊ में ऐसा रहेगा मौसम: राजधानी में बुधवार को सुबह के समय घना कोर छाया रहा. दिन में 6 से लेकर 10 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार से बर्फीली हवाएं चलती रहीं, जिससे दिन के समय तापमान 4 डिग्री सेल्सियस गिर गया. अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस कम है. वहीं, न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य से एक की डिग्री सेल्सियस अधिक है.