लखनऊ: यूपी में उत्तरी पश्चिमी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट शुरू हुई थी और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था. जिसकी वजह से लोग ठंड में सिकुड़ने लगे हैं. हालांकि अब पाकिस्तान और अफगानिस्तान में उत्पन्न हुए चक्रवाती परिसंचरण के कारण हवाओं में परिवर्तन हुआ है, जिससे उत्तर प्रदेश में अधिकतम न्यूनतम तापमान में 1 से लेकर 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है. जिससे सुबह-शाम पड़ने वाली ठंडक में राहत मिलने की उम्मीद है. हालांकि कोहरे और धुंध के कारण एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) में कुछ खास बदलाव नहीं हो रहा है.
सुबह-शाम छाया रहेगा हल्का कोहरा: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, शुक्रवार को दिन में आसमान साफ रहेंगे और गुनगुनी धूप खिलेगी. अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से आगामी 2-3 दिनों के दौरान प्रदेश के तापमान में लगभग 2°C की क्रमिक बढ़ोतरी होने की संभावना है.
इटावा सबसे ठंडा जिला: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, गुरुवार को यूपी में इटावा सबसे ठंडा जिला रहा. जहां पर न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो की सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम है. वहीं, बहराइच में अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस सबसे गरम जिला रहा, जो समान से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक है.
24 घंटों में तापमान में बढ़ोतरी: विभाग के अनुसार, मध्य पाकिस्तान, संलग्न अफगानिस्तान और दक्षिणी-पश्चिमी राजस्थान पर बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश में आ रही ठण्डी और शुष्क उत्तरी-पश्चिमी हवाओं के दिशा में परिवर्तन कर रहा है. जिसके परिणामस्वरूप पिछ्ले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इसी क्रम में गुरुवार को सुबह आगरा, बरेली, वाराणसी, लखनऊ, अमेठी, कानपुर एवं प्रयागराज में हल्का कोहरा छाया रहा.
लखनऊ मौसम का हाल: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, राजधानी लखनऊ में गुरुवार की सुबह और शाम के समय हल्का कोहरा छाया रहा. दिन में आसमान साफ रहे. गुनगुनी धूप खिली हवा के रुख में परिवर्तन होने से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में 1 से लेकर 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई. अधिकतम तापमान जहां बुधवार को 26 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था. वहीं, गुरुवार को 2 डिग्री बढ़कर 28 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो की सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं, न्यूनतम तापमान में भी एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई. न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो की सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस अधिक है.
प्रदेश के कई जिलों बढ़ोतरी: वहीं, कोहरे और धुंध के कारण प्रदेश के कई जिलों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) में बढ़ोतरी हुई है. सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को शाम 4 बजे तक गाजियाबाद का एयर क्वालिटी इंडेक्स 358, ग्रेटर नोएडा 381, लखनऊ का 184, मेरठ 308, मुजफ्फरनगर 266, नोएडा 339 और बागपत का 287 रिकॉर्ड किया गया. वहीं, गुरुवार को शाम 4 बजे तक लखनऊ के लालबाग में एयर क्वालिटी इंडेक्स 281 तक पहुंच गया, जो की बेहद खराब स्थिति में है. वहीं तालकटोरा क्षेत्र में 245, केंद्रीय विद्यालय में 189, अंबेडकर यूनिवर्सिटी में 173, गोमती नगर में 132 रिकॉर्ड किया गया.