लखनऊ: यूपी में मानसूनी बारिश जारी है. पिछले 24 घंटे के दौरान पूर्वी-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी से अधिक भारी बारिश रिकॉर्ड की गई. अनुमानित बारिश 6.3 मिली मीटर के सापेक्ष 13.3 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 111% अधिक है. मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को भी उत्तर प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में गरज चमक के साथ बारिश होने की चेतावनी जारी की है.
वहीं लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ों, अन्य प्रदेशों से आ रहे पानी के कारण उत्तर प्रदेश की कई नदियां उफान पर हैं. राहत आयुक्त के जारी आंकड़ों के अनुसार गंगा और गंगा बेसिन की निम्न नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं.
गंगा- भिटौरा, फतेहपुर: 0.01 मीटर ऊपर
गंगा- बलिया: 0.56 मीटर ऊपर (जलस्तर घट रहा है)
नून- ओरई-2, मंगरायन, जालौन: 0.12 मीटर ऊपर (जलस्तर घट रहा है)
जिरगो- अहरौरा, मिर्जापुर: 0.12 मीटर ऊपर
टोंस- चाकघाट, प्रयागराज: 0.40 मीटर ऊपर
राहत आयुक्त ने संबंधित क्षेत्रों के नागरिको से सतर्क रहने और नदी, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है.
अब तक 8% कम हुई बारिश: उत्तर प्रदेश में 1 जून से 28 अगस्त तक अनुमानित बारिश 577 मिली मीटर के सापेक्ष 530 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 8% कम है.
इन जिलों में बारिश की चेतावनी: बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, बदायूं, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, हरदोई, बाराबंकी, लखनऊ, बहराइच, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, देवरिया, महाराजगंज, मऊ, जौनपुर, आजमगढ़, बस्ती, मिर्जापुर, चंदौली, कौशांबी, प्रयागराज, सुल्तानपुर, अमेठी, रायबरेली, प्रतापगढ़ में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
लखनऊ में रेन अलर्ट: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शनिवार को राजधानी लखनऊ में आसमान साफ रहेगा. धूप खिलेगी वहीं कुछ स्थानों पर बादलों की भी आवाजाही रहेगी, गरज चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है.
बहराइच सबसे गर्म जिला: शुक्रवार को उत्तर प्रदेश का बहराइच सबसे गर्म जिला रहा. यहां पर अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस कम है.
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि आगामी 48 घंटे में उत्तर प्रदेश के दोनों संभागों में तेज बारिश में कमी आएगी. कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी. सितंबर माह के शुरुआत में फिर से बारिश की तीव्रता में वृद्धि होगी, साथ ही साथ बारिश का क्षेत्रफल भी बढ़ेगा.