लखनऊ: मौसम के बदले मिजाज के बीच राजधानी लखनऊ और आसपास के जिलों में शुक्रवार को गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लखनऊ, रायबरेली, बाराबंकी समेत कई जिलों के लिए मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी दी है।
इन जिलों में अलर्ट जारी
बुंदेलखंड और मध्य-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जालौन, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, औरैया, इटावा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, कासगंज, कन्नौज, हरदोई, फर्रुखाबाद और सीतापुर में भी मौसम खराब रहने की संभावना है। वहीं शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी और बदायूं सहित तराई व रोहिलखंड क्षेत्र में भी बारिश हो सकती है, हालांकि इसकी तीव्रता अपेक्षाकृत कम रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि बारिश और बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों। तेज हवाओं के कारण कच्चे मकानों, होर्डिंग्स और कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंच सकता है। ऐसे में खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।