लखनऊ: यूपी में मानसून ने अब धीमी रफ्तार पकड़ ली है, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार 48 घंटे के दौरान प्रदेश में एक बार फिर से बारिश की तीव्रता में वृद्धि होगी. 48 घंटे बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम धीरे-धीरे ड्राई होना शुरू हो जाएगा, बारिश में कमी आएगी.
वहीं, पिछले 24 घंटे के दौरान कोई भी मौसम तंत्र सक्रिय न होने के कारण प्रदेश के दोनों संभागों पश्चिमी-पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम ड्राई रहा. पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनुमानित बारिश 8 मिलीमीटर के सापेक्ष 0.1 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 98% कम है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी अनुमानित बारिश 5.7 मिली मीटर के सापेक्ष 0.4 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 93% कम है.
इन जिलों में बारिश का अलर्ट: बांदा, चित्रकूट, झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, कौशांबी, संत रविदास नगर, वाराणसी, चंदौली, जौनपुर, श्रावस्ती, बहराइच, बलरामपुर, गोंडा, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी, पीलीभीत, बरेली, शाहजहांपुर और आसपास के इलाकों में गरज चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है.
2% कम हुई बारिश: उत्तर प्रदेश में 1 जून से 13 सितंबर तक अनुमानित बारिश 679 मिली मीटर के सापेक्ष 659 मिली रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 2 प्रतिशत कम है.
लखनऊ में बारिश का अलर्ट: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार सोमवार को लखनऊ में बादलों की आवाजाही रहेगी. कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है, अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
अयोध्या सबसे गर्म जिला: रविवार को भी अयोध्या यूपी का सबसे गर्म जिला रहा, जहां पर अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस कम है.
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान कोई भी मौसम तंत्र सक्रिय न होने के कारण उत्तर प्रदेश के दोनों संभागों में मौसम ड्राई रहा.