यूपी में बढ़ने लगी सर्दी, पहाड़ों से चली ठंडी हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन; बाराबंकी सबसे ठंडा जिला

लखनऊः यूपी में पहाड़ों की ठंडी हवाएं अब हौले-हौले सर्दी बढ़ा रहीं हैं. इसके साथ ही यूपी के कई जिलों में कोहरा भी बढ़ने लगा है. बीते 24 घंटे में बाराबंकी यूपी का सबसे ठंडा जिला रहा. यहां न्यूनतम तापमान सबसे कम रहा. वहीं, बीते 24 घंटे में गाजियाबाद की हवा सबसे ज्यादा जहरीली रही. यहां एक्यूआई सबसे ज्यादा रहा. चलिए जानते हैं मौसम के हाल के बारे में.

कई जिलों में कोहरा: पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं मध्यम कोहरा दर्ज किया गया. पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं छिछला कोहरा दर्ज किया गया. बीते 24 घंटे में यूपी में मुरादाबाद में सबसे कम दृश्यता दर्ज की गई. यहां 500 मीटर की दृश्यता दर्ज की गई. यहां कोहरे का असर सबसे ज्यादा रहा.

सर्दी में हुआ इजाफा: मौसम विज्ञानियों की मानें तो अधिकतम तापमान में कमी होने से ठंडक में भी वृद्धि हुई है. पिछले दिनों पहाड़ों पर सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी इलाकों में कुछ जगहों पर बर्फबारी हुई थी. खासकर उत्तराखंड की ठंडी हवाएं यूपी की सर्दी में धीरे-धीरे इजाफा करने लगीं हैं.लखनऊ का मौसम: राजधानी लखनऊ में शनिवार को सुबह के समय कोहरा छाया रहा. दिन में आसमान साफ रहा. अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है. वहीं न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार रविवार को लखनऊ में सुबह के समय कहीं पर हल्का व कहीं माध्यम कोहरा छाया रहेगा.

यूपी का ये जिला 24 घंटे में सबसे सर्द: शनिवार को उत्तर प्रदेश का बाराबंकी सबसे ठंडा जिला रहा. यहां पर न्यूनतम न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम रहा. वहीं, अधिकतम तापमान बहराइच जिले में 31 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है.

गाजियाबाद सबसे प्रदूषित सांस: सेंट्रल पॉल्यूशन बोर्ड के अनुसार शनिवार की शाम 4:00 बजे तक उत्तर प्रदेश का गाजियाबाद सबसे अधिक प्रदूषित शहर रहा. यहां एक्यूआई 340 पर पहुंच गया. यह रेड जोन की श्रेणी में आता है. इसके अलावा नोएडा का एक्यूआई 336 रिकार्ड किया गया. बागपत में एक्यूआई 285 रिकार्ड किया गया. कानपुर में 256 तथा लखनऊ में 198 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया.

मौसम विज्ञानी क्या बोले: मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में आने वाले 7 दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा. सुबह-शाम पढ़ने वाले कोहरे में और वृद्धि होगी. अधिकतम न्यूनतम तापमान में आगामी 7 दिनों तक विशेष बदलाव नहीं होगा.