यूपी में बदलेगा मौसम का मिजाज, 28 मई से बारिश और ओलावृष्टि के आसार

लखनऊ: यूपी में भीषण गर्मी, लू और नौतपा के चलते आई बारिश. पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के दोनों संभागों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश और गरज चमक के साथ बौछारें दर्ज की गई. वहीं कहीं-कहीं पर बादल और बिजली भी चमकी, साथ ही झोंकेदार हवा दर्ज की गई. बता दें, पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं धूल भरी आंधी भी आयी.

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 28 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसकी वजह से 28 से लेकर 30 मई तक उत्तर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश, ओले, आंधी और तूफान आने की संभावना है. भीषण गर्मी से तपते उत्तर प्रदेश वासियों को इस बारिश से राहत मिलने के भी आसार हैं.

आज इन जिलों में हो सकती है बारिश: सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थ नगर, महाराजगंज, संत कबीर नगर, कुशीनगर, गोरखपुर, देवरिया में रेन अलर्ट जारी किया गया है.

हीट वेव का अलर्ट इन जिलों में: बांदा, आगरा, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, मथुरा, हाथरस, फिरोजाबाद, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, एटा, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, ललितपुर और आस पास के क्षेत्रों में चेतावनीं.

रात में गर्मी का अलर्ट इन जिलों में: बांदा, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर एवं आस पास के क्षेत्र।

ऐसा रहेगा लखनऊ का वेदर: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बुधवार को लखनऊ में आसमान साफ रहेगा. दिन में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से गर्म हवाएं चलेंगी. अधिकतम तापमान 43 और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

बांदा सबसे गर्म जिला: मंगलवार को बांदा उत्तर प्रदेश ही नहीं, पूरे देश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां पर अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. दूसरे नंबर पर राजस्थान का श्रीगंगानगर जिला सबसे गर्म रहा, यहां पर अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान गोरखपुर जिले में 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम है.

मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि 28 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जो कि उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों को प्रभावित करेगा. इसके चलते पूर्वी-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दोनों संभागों में बारिश के साथ-साथ ओले गिरने और आंधी चलने की भी संभावना है. आंधी, तूफान बारिश और ओले गिरने से उत्तर प्रदेश वासियों को भीषण गर्मी से हल्की राहत मिलेगी. वहींं बारिश का सिलसिला 28 से 30 मई तक जारी रहेगा.