लखनऊ/आगरा: यूपी में बीते 19-21 मार्च तक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज रफ्तार से हवाएं चलीं, साथ ही कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हुआ. जिसके कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में प्रभावी कमी दर्ज की गई थी. बता दें, अब पश्चिमी विक्षोभ का असर धीरे-धीरे समाप्त हो रहा है, जिसकी वजह से रविवार से ही उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में आसमान साफ रहा, तेज धूप निकली अधिकतम-न्यूनतम तापमान में वृद्धि शुरू हो गई है. मथुरा और मेरठ में सुबह से बदला मौसम झमाझम बारिश हो रही.
वहीं आगरा में सुबह से मौसम का मिजाज बदला है, काले बादल छाए हैं. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आने वाले 2 से 3 दिनों के अंदर अधिकतम तापमान में 7 से लेकर 10 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की जाएगी.
आगरा में छाए बादल: जिले में सोमवार को एक बार फिर मौसम ने करवट ली. सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए हुए हैं. हल्की हवा भी चल रही है. मौसम के उतार-चढ़ाव से मौसम सुहावना हो गया है. लोगों का गुलाबी का सर्दी का अहसास हो रहा है. मौसम के बदलाव से तापमान एकदम गिर गया है. मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगे भी ऐसा ही मौसम रहेगा. बूंदाबांदी के आसार हैं. इसके बाद तापमान में धीरे धीरे बढ़ोत्तरी होगी.
लखनऊ का मौसम: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार सोमवार को लखनऊ में आसमान साफ रहेगा. तेज धूप खिलेगी, अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
राजधानी लखनऊ में रविवार को सुबह से ही आसमान साफ रहा. तेज धूप निकली पिछले दिनों हुई बारिश के कारण मौसम में नमी और हल्की हवाओं के चलने से अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस कम है. वहीं न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है.
लखीमपुर खीरी सबसे गर्म जिला: रविवार को उत्तर प्रदेश का लखीमपुर खीरी सबसे गर्म जिला रहा. जहां पर अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान कानपुर नगर जिले में 13.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम है.
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होने के साथ ही मौसम साफ होने से तापमान में तेजी से बढ़ोत्तरी आनी आरम्भ हो गई. आज प्रदेश के अधिकांश भाग में दिन के अधिकतम तापमान में औसतन 3-5°C की बढ़ोत्तरी दर्ज होने के बावजूद यह सामान्य से प्रभावी रूप से नीचे बने हुए हैं. एक अन्य कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं कहीं कल आंशिक बदली रहने के बावजूद आगामी 3-4 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 4-7°C की क्रमिक बढ़ोत्तरी होने की संभावना है. इसी क्रम में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से नीचे पहुंच जाने, नमी की प्रचुरता एवं वायुमण्डलीय स्थिरता के परिणामस्वरुप सुबह में कहीं-कहीं हल्की धुन्ध की स्थितियां बन सकती हैं जो सूर्योदय के थोड़ी देर बाद छंट जाएगी.