यूपी में भट्ठी जैसी गर्मी का कहर, 40 जिलों में हीटवेव अलर्ट, जानिए कब मिलेगी राहत

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में इन दिनों झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है. भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है. प्रदेश के ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है. वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान प्रयागराज जिले में 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. धूप की तपिश लगातार बढ़ रही है. लोग धूप से बचने के लिए घरों में कैद होने को मजबूर हो गए हैं.
वहीं मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शनिवार को और अधिक भीषण गर्मी पड़ सकती है. मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार को भी उत्तर प्रदेश के 40 से अधिक जिलों में हीट वेव चलने की चेतावनी जारी की है. वहीं 18 जिलों में रात में गर्मी का अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में दिन में तो भीषण गर्मी पड़ेगी ही रात में भी भीषण गर्मी रहने की संभावना है.

लू चलने की संभावना इन जिलों में: बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर और आस पास के क्षेत्र में अलर्ट जारी
रात में गर्मी होने की संभावना इन जिलों में अधिक: सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, अमरोहा, संभल, बदायूं एवं आस पास के क्षेत्र में अलर्ट जारी.

ऐसा रहेगा लखनऊ का वेदर: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी लखनऊ में सुबह से ही आसमान साफ रहेगा. तेज धूप खिलेगी, अधिकतम-न्यूनतम तापमान मे गुरुवार के मुकाबले 1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है. अधिकतम तापमान 43 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

श्रावस्ती में बरस रही आग, पारा 45 डिग्री पार: जिले में भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है. तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने से हालात बेहद गंभीर हो गए हैं. दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है, खासकर भिनगा क्षेत्र में बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही काफी कम हो गई है. भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है.
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी केके वर्मा ने बताया कि जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में रूम बनाए गए हैं. इन कमरों में कूलर, बेड, ठंडा पानी और आइस पैक जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि लू से प्रभावित मरीजों को तुरंत राहत मिल सके. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बिना अत्यंत आवश्यक कारण घर से बाहर न निकलें.

प्रयागराज सबसे गर्म जिला: प्रदेश में गुरुवार को प्रयागराज जिला सबसे अधिक गर्म रहा. जहां पर अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 18.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस कम है.

मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 26 अप्रैल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश से छिटपुट बारिश का दौर आरम्भ होकर पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ने के साथ, जारी रहने की संभावना है. जिससे तापमान में 2-3°C की गिरावट के कारण 26 अप्रैल के उपरान्त लू की स्थितियों में आंशिक सुधार होने की संभावना है.