लखनऊ/मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश में पिछले तीन-चार दिनों से दक्षिणी पश्चिमी मानसून सक्रिय है. जिसकी वजह से प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में झमाझम बारिश का सिलसिला जारी है. राजधानी लखनऊ समेत वाराणसी, प्रयागराज, सोनभद्र, हमीरपुर, बांदा, कानपुर नगर, फतेहपुर, अयोध्या, आजमगढ़, शाहजहांपुर में झमाझम बारिश होने के कारण कई जगहों पर जल भराव की स्थिति उत्पन्न हो गई. दिनभर हल्की बूंदाबांदी होने और बादल छाए रहने के कारण अधिकतम तापमान में उत्तर प्रदेश के पूर्वी-पश्चिमी संभागों में प्रभावी कमी दर्ज की गई. वहीं मिर्जापुर में भारी बारिश के कारण कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार चक्रवर्ती परिसंचरण और मानसूनी द्रोणी मानसून के अनुकूल होने के कारण प्रदेश में कुछ जगहों पर भारी से ज्यादा भारी बारिश हो रही है. बारिश का ये सिलसिला आगामी 4-5 दिनों तक जारी रहेगा. अगले 48 घंटे तक बारिश में हल्की कमी आएगी. वहीं 3 दिन बाद फिर से बारिश की तीव्रता और क्षेत्रफल में वृद्धि होगी.
इन जिलों में रेन अलर्ट: मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार को चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और आस-पास के क्षेत्र में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है.
20% कम हुई बारिश: उत्तर प्रदेश में 1 जून से 17 अगस्त तक अनुमानित बारिश 496 मिली मीटर के सापेक्ष 398 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 20% कम है.
138% अधिक हुई बारिश: पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में हो रही झमाझम बारिश के कारण अनुमानित बारिश 7.4 मिली मीटर के सापेक्ष 17.8 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 136% अधिक है.
बारिश के टॉप 10 जिले: अयोध्या में 34, बाराबंकी में 35, गाजीपुर में 31, कन्नौज में 30, प्रयागराज में 47, सोनभद्र में 67, बरेली में 44, मुजफ्फरनगर में 42, शाहजहांपुर में 40 पीलीभीत में 30 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई.
लखनऊ में झमाझम: मंगलवार को सुबह से ही राजधानी लखनऊ में रिमझिम बारिश का सिलसिला जारी है. कुछ स्थानों पर तेज रफ्तार बारिश भी हो रही है. वहीं अधिकतम तापमान 28 न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
मेरठ सबसे गर्म जिला: सोमवार को उत्तर प्रदेश का मेरठ सबसे अधिक गर्म जिला रहा. जहां पर अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है.
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि उत्तरी-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और संलग्न पश्चिम बंगाल-उत्तरी उड़ीसा तट पर संकेद्रित अवदाब के आरम्भ में उत्तर-उत्तर-पश्चिमी और बाद में उत्तर-पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ने की संभावना के दृष्टिगत 19 अगस्त से प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 23 अगस्त तक भारी बारिश के साथ 20-21 अगस्त के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं मूसलाधार बारिश की संभावना है.
मिर्जापुर में भारी बारिश के कारण स्कूल बंद: जनपद में बीती रात से हो रहे लगातार बारिश के चलते मिर्जापुर में कक्षा 1 से 8 तक के सभी बोर्ड के विद्यालय आज बंद रहेंगे. जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के निर्देश पर बीएसए अनिल कुमार वर्मा ने आदेश जारी किया है.
प्रयागराज के स्कूलों में छुट्टी: शहर और ग्रामीण इलाकों में भारी बारिश-जलभराव की स्थिति को देखते हुए छात्रों और शिक्षकों की सुरक्षा के मद्देनजर 18 अगस्त 2026 को जिले के सभी विद्यालयों में ‘रेनी-डे’ (Rainy Day) अवकाश घोषित कर दिया गया, यह फैसला केवल सरकारी स्कूलों तक सीमित नहीं था, बल्कि प्री-प्राइमरी से लेकर 12वीं कक्षा तक के सभी परिषदीय, माध्यमिक, सीबीएसई, आईसीएसई और यूपी बोर्ड से मान्यता प्राप्त हिंदी-अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों पर कड़ाई से लागू किया गया.