लखनऊ: यूपी में मानसून कमिंग सून है. मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनी के मुताबिक बादलों ने बंगाल और बिहार में डेरा डाल दिया है. अगले 48 घंटो में इन दोनों ही राज्यों में मानसून पूरी तरह से छा जाएगा. इसके बाद 28 जून से पूर्वी उत्तर प्रदेश के रास्ते बादल यूपी में दाखिल होंगे. तीन से चार दिनों में मानसून पूरे यूपी में छा जाएगा. मौसम विभाग की मानें तो अब अगले 3-4 दिनों के बाद उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में मानसून बारिश देखने को मिल सकती है.
मौसम विज्ञानी क्या बोले: मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह का कहना है कि 28 जून से प्रदेश में बारिश का एक नया दौर शुरू होने जा रहा है. इसमें उत्तरोत्तर वृद्धि की सम्भावना के दृष्टिगत दक्षिण पश्चिम मानसून के उत्तर प्रदेश में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनने की सम्भावना है.
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पिछले 48 घंटों के दौरान, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने प्रभावशाली प्रगति की है. 23 जून को मध्य अरब सागर के शेष हिस्सों, मुंबई सहित महाराष्ट्र, तेलंगाना और ओडिशा के शेष हिस्सों, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है.
(लू) की संभावना इन जिलों में अधिक: कौशाम्बी, प्रयागराज, फ़तेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अम्बेडकरनगर और आस पास के क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया गया है.
ऐसा रहेगा लखनऊ का वेदर: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बुधवार को लखनऊ में सुबह से ही आसमान साफ रहेगा. अधिकतम तापमान में मंगलवार के मुकाबले 1 डिग्री सेल्सियस की और अधिक वृद्धि होगी. कहीं-कहीं हीट वेव भी चल सकती है. अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
बांदा सबसे गर्म जिला: उत्तर प्रदेश का बांदा जिला मंगलवार को देश का सबसे अधिक गर्म जिला रहा, जहां पर अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम है.