यूपी में मानसून पड़ा सुस्त, क्या अब बारिश की विदाई का वक्त आ गया?

लखनऊ: यूपी में मानसून ने अब धीमी रफ्तार पकड़ ली है, जिससे प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. बता दें कि पिछले 24 घंटे के दौरान उत्तर प्रदेश के पूर्वी इलाकों में कुछ जिलों में गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ तेज और कुछ जिलों में मध्यम बारिश हुई.

वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में जहां अनुमानित बारिश 7.4 मिली मीटर के सापेक्ष 0.9 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 88% कम है, वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अनुमानित बारिश 4.2 मिली मीटर के सापेक्ष2.4 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 49% कम है.

आगरा में झमाझम बारिश-बूंदाबांदी: जिले में मंगलवार शाम मौसम ने करवट ली. जिससे शहर के कई ​स्थानों पर बूंदाबांदी और बारिश हुई. शहर में शास्त्रीपुरम, मघटई, पश्चिमपुरी, दहतोरा, सिकंदरा, यमुनापार, खंदौली समेत अन्य कस्बे और गांवों में बारिश हुई. मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगरा में बुधवार को भी ऐसा ही मौसम रहेगा. जिसमें दिनभर बादल छाये रहेंगे और बूंदाबांदी या बारिश भी होगी. इसके साथ ही 17 सितंबर को मौसम साफ रहने के आसार हैं. लेकिन 18 सितंबर को फिर से बारिश की संभावना है. जिससे तापमान में गिरावट आएगी.

बारिश के टॉप 5 जिले: ललितपुर 16 मिली मीटर, बिजनौर 15, सहारनपुर 11, गाजीपुर 7.3, सिद्धार्थनगर 7.1 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई.

इन जिलों में झमाझम बारिश का अलर्ट: बांदा, फतेहपुर, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, जौनपुर, आजमगढ़, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़ सोनभद्र, संत रविदास नगर, गाजीपुर, मऊ बलिया देवरिया लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, हरदोई, फर्रुखाबाद मैनपुरी, एटा, कन्नौज, कानपुर नगर, कानपुर देहात, ललितपुर, झांसी, महोबा, हमीरपुर, आगरा, मथुरा, सहारनपुर, शाहजहांपुर, शामली, मुजफ्फरनगर मेरठ, रामपुर, बरेली, पीलीभीत मे बारिश की चेतावनी मौसम विभान की तरफ से जारी की गई है

लखनऊ का वेदर: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बुधवार को लखनऊ में आसमान साफ रहेगा. कुछ जगहों पर बादलों की आवाजाही हो सकती है. गरज चमक के साथ हल्की बारिश होने की भी संभावना है. अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

बांदा सबसे गर्म जिला: मंगलवार को प्रदेश का बांदा सबसे अधिक गर्म जिला रहा, जहां पर अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस कम है.

मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के मध्य भारत से गुजरते हुए आज भारत का पश्चिमी तट पार करके पाकिस्तान की ओर आगे बढ़ने के साथ ही मानसूनी द्रोणी का पूर्वी छोर धीरे-धीरे अपनी सामान्य स्थिति की ओर खिसकेगा. पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से प्रदेश में हो रही छिटपुट बारिश में आगामी 24 घण्टों के बाद कमी आने से 19 सितंबर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम ड्राई हो जाने के साथ ही पश्चिमी राजस्थान से मानसून वापसी आरम्भ होने के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की सम्भावना है.