यूपी में मौसम बदलेगा करवट,4 दिन बाद बारिश का अलर्ट, बांदा में पारा 38°C तक पहुंचा

लखनऊः यूपी में गर्मी अब नखरे दिखाने लगी है. बीते 24 घंटे में यूपी में बांदा सबसे गर्म जिला रहा. यहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. इस बीच मौसम विभाग ने अलर्ट किया है कि आने वाली 15 मार्च तक यूपी के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है. इससे अधिकतम तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है.

लखनऊ के मौसम पर एक नजर: राजधानी लखनऊ में सोमवार को दिन में तेज धूप खिली. शाम को कुछ स्थानों पर 20 से लेकर 30 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से धूल भरी हवाएं चली. अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं, न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य से 7.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है. राजधानी लखनऊ में दिन व रात के समय भीषण गर्मी पड़ी. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 35 व न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.बीते 24 घंटे में बांदा सबसे गर्म: मौसम विभाग की मानें तो सोमवार को उत्तर प्रदेश का बांदा सबसे अधिक गर्म जिला रहा. यहां पर अधिकतम तापमान 38.02 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वही सबसे कम न्यूनतम तापमान बुलंदशहर जिले में 16 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है.
मौसम विज्ञानी क्या बोले: मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि इस सप्ताह प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं होने के कारण प्रदेश में मौसम शुष्क बना रह सकता है. आगामी 3-4 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में लगभग 2°C की क्रमिक बढ़ोत्तरी होने की सम्भावना है. पूर्वांचल के कुछ भागों को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश भाग में तापमान सामान्य से 4-8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 14 मार्च से प्रदेश के तापमान में गिरावट आ सकती है. 15 मार्च से प्रदेश के तराई इलाकों के साथ-साथ पूर्वांचल के कुछ भागों में वर्षा होने की संभावना बन रही है.