लखनऊ/मेरठ/मिर्जापुर: यूपी में मानसून फुलफॉर्म में है. बीते 24 घंटों में वाराणसी में सबसे ज्यादा 60 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है. इसी के साथ अन्य कई जिलों में भी अच्छी बारिश हुई है. मौसम विभाग ने गुरुवार को 55 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है. चलिए जानते हैं आज के मौसम का हाल.
किस जिले में कितनी बारिश: बुधवार सुबह 8:30 से शाम 5:00 बजे तक मौसम विज्ञान विभाग द्वारा दिए गए आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक बारिश वाराणसी जिले में 60 मिली मीटर रिकार्ड की गई. इसके अलावा झांसी जिले में 41.6, मेरठ में 20, आगरा में 14, अलीगढ़ में 8, शाहजहांपुर में 7, हमीरपुर में 13, उरई में 11, आजमगढ़ में 11, अमेठी में 3, अयोध्या में 5, बांदा में 17, प्रयागराज में 18, इटावा में 14,कानपुर नगर में 2, हरदोई में 2.4, बाराबंकी में 7 मिली मीटर बारिश रिकार्ड की गई है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार गुरुवार को भी प्रदेश के दोनों पूर्वी तथा पश्चिमी संभागों में मानसून सक्रिय रहेगा. कुछ स्थानों पर भारी बारिश तथा तेज रफ्तार हवाएं चल सकती हैं.
मौसम वैज्ञानिक क्या बोले: मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि प्रदेश के उत्तरी-पश्चिमी भाग पर बने अलग-अलग चक्रवाती परिसंचरणों के प्रभाव से गंगा के मैदानी इलाकों में सुदृढ़ मानसूनी प्रवाह के के कारण प्रदेश में सक्रिय मानसून परिस्थितियों के प्रभाव से पिछली रात 1-2 स्थानों पर बहुत भारी वर्षा के साथ आगामी 2 दिनों के दौरान कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है.
मेरठ में सुबह से बारिश: मेरठ में सुबह से ही बारिश हो रही है, ऐसे में लोगों को गर्मी से राहत मिली हैं. बीते कई दिन से गर्मी और उमस से लोग परेशान थे. हालांकि बीते दिन भी कुछ देर बारिश हुई लेकिन उसके बाद फिर उमस से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. लगातार हो रही बारिश के बीच भी कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस कर्मी हाथ में छाता लेकर अपना कर्तव्य निभाते देखे जा सकते हैं.
मिर्जापुर में कक्षा एक से 8 तक के स्कूल बंद
मिर्जापुर डीएम पवन कुमार गंगवार के निर्देश पर बीएसए अनिल कुमार वर्मा ने आदेश पत्र जारी किया है. मिर्जापुर जनपद में दो दिन से लगातार हो रही मानसूनी बारिश से जनजीवन प्रभावित कर दिया है. मौसम विभाग (IMD) ने भारी बारिश, आंधी, बिजली गिरने, फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का अलर्ट जारी किया है. खराब मौसम को देखते हुए मिर्जापुर जिला प्रशासन ने स्कूलो में छुट्टी घोषित कर दी है. मिर्जापुर जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के निर्देश पर बीएसए अनिल कुमार वर्मा ने कक्षा 1 से कक्षा 8 तक के सभी बोर्ड के स्कूलों को 6 अगस्त को बंद करने का आदेश पत्र जारी किया है. वहीं शिक्षक हर दिन की तरह स्कूल पहुंचेंगे सरकारी काम करेंगे.
जनहानि, पशु हानि व आर्थिक हानि का सीएम ने लिया संज्ञान
सीएम ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड पर निकल कर प्रभावित परिवारों की हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश हैं. सीएम ने अति वर्षा, आकाशीय बिजली से हुई जन हानि, पशु हानि व आर्थिक हानि का आंकलन कर 24 घंटे में मुआवजा देने को कहा है. प्रभावित परिवारों से संवाद बनाने को कहा है.