योगी सरकार का बड़ा फैसला: पूर्वी पाकिस्तान से विस्थापित 99 हिंदू परिवारों को मिलेगा अपना घर

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट मीटिंग में गुरुवार को मेरठ में रह रहे पूर्वी पाकिस्तान और वर्तमान में बांग्लादेश से निर्वासित हुए बंगाली हिंदू परिवारों के लिए बड़ा तोहफा दिया गया है. इनके निर्वाचन के लिए प्रस्ताव पास किया गया है.

संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कैबिनेट मीटिंग के बाद मीडिया से बातचीत में बताया कि मेरठ के तहसील मवाना के ग्राम नगला गोसाई में पूर्वी पाकिस्तान व बांग्लादेश से विस्थापित 107 परिवार झील की भूमि पर अवैध रूप से रह रहे हैं. इन 107 परिवारों में से 8 परिवार कई वर्ष से अन्यत्र रोजगार के लिए निवासरत हैं. वर्तमान में 99 परिवार रह रहे हैं. इनको भी पुनर्वासित किये जाने की व्यवस्था की जाएगी.

प्रति परिवार आधा एकड़ भूमि आवंटित कर पुनर्वासित किया जाएगा. यह भूमि को 30 साल के लिए पट्टे पर दिया जाएगा. इसे 30-30 वर्ष के लिए 2 बार रिन्यू किया जा सकेगा, कुल 90 वर्ष का पट्टा आवंटन किया जा सकेगा.

सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि विस्थापित हिंदुओं के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है, चाहे वह पाकिस्तानी हो या अफगानिस्तानी. सभी प्रस्ताव पर सकारात्मक तरीके से विचार किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि मेरठ का यह प्रस्ताव लंबे समय से लंबित था, जिस पर कैबिनेट में या महत्वपूर्ण फैसला लिया है.