योगी सरकार का रोजगार मिशन: 1.5 लाख नौकरियां देने की तैयारी, 10 साल में 10 लाख रोजगार का रिकॉर्ड

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार नए साल में नौकरियों की बहार लेकर आएगी. सरकार युवाओं को बड़ा तोहफा देने जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में एक उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों से विभागवार सरकारी नौकरी के खाली पदों की डिटेल मांगी थी, जिससे इन पदों पर नियुक्ति की जा सके. मुख्यमंत्री ने समीक्षा के बाद वर्ष 2026 में प्रदेश के युवाओं को 1.5 लाख सरकारी नौकरी देने की अनुमति दे दी है.

ये नौकरियां पुलिस, शिक्षा, राजस्व, आवास विकास समेत प्रदेश के विभिन्न विभागों में दी जाएगी. इसमें सबसे अधिक भर्तियां पुलिस और शिक्षा विभाग में होंगी. इसी के साथ 2026 में योगी सरकार के नाम सबसे अधिक सरकारी नौकरी देने का रिकॉर्ड भी दर्ज हो जाएगा. योगी सरकार प्रदेश में पहली सरकार होगी, जो 10 साल में 10 लाख सरकारी नौकरी का उपहार देगी.

प्रदेश सरकार के मीडिया सेल की तरफ से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने पिछले साढ़े आठ साल में प्रदेश के युवाओं को विभिन्न विभागों में साढ़े आठ लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी हैं. यह सभी भर्तियां पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से हुईं. इससे प्रदेश के युवाओं का योगी सरकार पर भरोसा मजबूत हुआ है. पहले की सरकारों में उत्तर प्रदेश में सरकारी भर्तियों में पारदर्शी माहौल नहीं था.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में सीएम योगी ने प्रदेश के विभिन्न विभागों के खाली पदों की जानकारी मांगी. सूत्रों की मानें तो योगी सरकार वर्ष 2026 में पुलिस और शिक्षा विभाग में करीब 50-50 हजार पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी करेगी. इसके साथ ही राजस्व में 20 हजार पदों पर भर्ती करेगी जबकि कारागार, आवास विकास, बाल विकास पुष्टाहार, स्वास्थ्य विभाग में खाली पदों पर भी भर्ती करेगी.

अलग-अलग विभागों में भर्ती प्रक्रिया के विज्ञापन जारी करने का काम अंतिम चरण में है. कुछ विभागों में भर्ती प्रक्रिया शुरू भी हो चुकी है. प्रस्तावित भर्तियों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगले साल तक योगी सरकार पहली सरकार बन जाएगी, जिसने 10 साल में रिकॉर्ड 10 लाख सरकारी नौकरियां दीं.

सरकारी नौकरी देने के लिए पुलिस विभाग में अब तक 2.19 लाख पदों पर भर्ती की गई है. इसी क्रम में सीएम योगी के निर्देश पर वर्ष 2026 में पुलिस विभाग की ओर से करीब 50 हजार पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया जाएगा. इसको लेकर अंतिम तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

वर्ष 2026 में पुलिस विभाग 30 हजार आरक्षी, पांच हजार सब इंस्पेक्टर के पदों पर भर्ती करेगा. इसके अलावा विभाग में 15 हजार विभिन्न पदों पर भी भर्ती की जाएंगी. शिक्षा विभाग में भी करीब 50 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी. यह भर्ती सहायक अध्यापक से लेकर लेक्चरर, प्रधानाचार्य आदि पदों पर होगी.

इसी तरह राजस्व विभाग में 20 हजार पदों पर भर्ती होगी, जिसमें सबसे ज्यादा लेखपालों के पदों पर भर्ती की जाएगी. इसके साथ ही स्वास्थ्य, आवास विकास, कारागार, बाल विकास पुष्टाहार समेत विभिन्न विभागों में 30 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी.