योग सप्ताह का आगाज: बनारस, बरेली और प्रयागराज में शुरू हुआ सामूहिक योगाभ्यास

वाराणसी/बरेली/प्रयागराज: यूपी में योग सप्ताह शुरू हो गया है. इसका आयोजन 21 जून तक चलेगा. इसका आयोजन वाराणसी, बरेली और प्रयागराज में किया जा रहा है.

वाराणसी में आयोजन: नमो घाट पर सोमवार को योग की गंगा बही. 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पहले नमो घाट पर योग सप्ताह का शुभारंभ हुआ. शहर के पार्कों से लेकर गांवों तक इसकी धारा पहुंची. 15 से 21 जून तक चलने वाले योग सप्ताह के दौरान लोगों को योग के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ नियमित योगाभ्यास भी कराया जाएगा. इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रखी गई है. योग सप्ताह के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ व विशिष्ट अतिथि राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा रहे.

योग को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से योगी सरकार शहर से लेकर गांवों तक विशेष अभियान चला रही है. मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने बताया कि योग सप्ताह का औपचारिक शुभारंभ सोमवार को नमो घाट पर किया गया. कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. नमो घाट पर करीब 350 से अधिक लोगों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया. वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में लोगों ने निर्धारित ‘कॉमन योग प्रोटोकॉल’ के अनुसार योग किया.

क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि विभिन्न पार्कों में योग गुरुओं द्वारा लोगों को योगाभ्यास कराया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने भागीदारी की. डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ और विशिष्ट अतिथि हंसराज विश्वकर्मा ने योग को स्वस्थ जीवन, मानसिक संतुलन और सकारात्मक सोच का आधार बताया.

बरेली में योग सप्ताह का शुभारंभ: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में बरेली के स्पोर्ट्स स्टेडियम में सोमवार को योग सप्ताह का भव्य शुभारंभ हुआ. कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के वन एवं पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार ने भगवान धन्वंतरि और महर्षि पतंजलि के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, योग प्रशिक्षक और योग प्रेमी मौजूद रहे।योग सप्ताह के तहत 15 जून से 20 जून तक प्रतिदिन सुबह 6 बजे से 8 बजे तक सामूहिक योगाभ्यास, योगासन प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता, स्लोगन लेखन, योग सेमिनार और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. जिलाधिकारी अविनाश सिंह व सांसद छत्रपाल गंगवार ने योग की महत्ता बताई.

प्रयागराज में भी आयोजन: जिले में जिला प्रशासन और आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों नागरिकों ने एक साथ योग का अभ्यास कर शारीरिक और मानसिक आरोग्यता का संकल्प लिया. कार्यक्रम का उद्घाटन फाफामऊ के विधायक गुरु प्रसाद मौर्य और महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. विधायक गुरु प्रसाद मौर्य ने उपस्थित जनसमूह से अपील की कि योग को केवल एक सप्ताह के उत्सव तक सीमित न रखें. योगाचार्य कौशल किशोर, डॉ. दीप्ति योगेश्वर एवं अरुणेश मित्रा के मार्गदर्शन में ‘कॉमन योग प्रोटोकॉल’ का अभ्यास कराया गया. कार्यक्रम का संचालन डॉ. अवनीश पाण्डेय ने किया.