राजनाथ सिंह ने सांसद खेल महाकुंभ का किया शुभारंभ, बोले—खेलों में उभरती ताकत बन रहा भारत

लखनऊ : रक्षामंत्री एवं लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह ने सोमवार को केडी सिंह बाबू स्टेडियम में सांसद खेल महाकुंभ शुभारंभ किया. उन्होंने कहा, पिछले 11 साल में भारत में खेलों के प्रति रुझान बहुत तेजी से बढ़ा है. अब हमको सफलताएं हॉकी और क्रिकेट के अलावा अन्य खेलों में भी मिल रही हैं. केंद्र सरकार की नीतियों ने भारत को खेलों में एक महाशक्ति बनाने की तैयारी की है.

उद्घाटन से पहले लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह ने प्रतिभागियों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया. इस दौरान उनके साथ डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी खुली जीप पर सवार हुए. सांसद राजनाथ सिंह के सामने प्रतिभागी बच्चों ने योगासन, ताइक्वांडो, कलारिपयटू के जरिये कौशल दिखाए. तलवार बाजी देख राजनाथ सिंह ने ताली बजाई.

रक्षा मंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष लखनऊ के इसी ऐतिहासिक केडी सिंह बाबू स्टेडियम में सांसद खेल महाकुंभ की शुरुआत हुई थी और इस साल इस प्रतियोगिता को बेहतर संस्करण आप सबके सामने है और यह सिलसिला आपको आश्वस्त करना चाहता हूं कि आगे भी जारी रहेगा. आप जानते हैं किसी भी देश या समाज के विकास का जो पैमाना होता है उसमें वहां पर जीडीपी के साथ-साथ देश के एथलीक का दुनिया भर के सपोर्ट इवेंट में कैसा परफॉर्मेंस होता है और स्पोर्ट जीडीपी कंट्रीब्यूशन पर भी यह निर्भर होता है यानी उसे देश की जीडीपी में स्पोर्ट्स का कितना बड़ा योगदान है यह भी एक बड़ा पैमाना होता है.

उन्होंने कहा, पिछले साल मैं ऑस्ट्रेलिया गया था वहां पर मैंने देखा कि खेलों के प्रति वहां के लोगों का इतना अधिक रुझान है कि खेल उनके जिंदगी का हिस्सा है ऐसा नहीं कि सिर्फ क्रिकेट के खेल में अच्छे हैं, वहां पर हर खेल के अच्छे खिलाड़ी आपको देखने को मिलेंगे. जबकि वहां की आबादी बमुश्किल 3 करोड़ है. यानी लगभग दिल्ली की आबादी के बराबर.

जब हम भारत में खेलों की बात करते हैं तो हम यह देख सकते हैं भारत में खेलों को कभी भी वह महत्व नहीं मिला जैसा कि मिलना चाहिए था. इसलिए यह बहुत महत्वपूर्ण है. इस समाज में खेल और खिलाड़ियों के महत्व को न केवल समझा जाए, बल्कि उन्हें आगे बढ़ने का भी पूरा अवसर दिया जाए. भारत में पिछले 10, 12 वर्षों से खेलों को लेकर आप स्वयं महसूस करते होंगे एक माहौल में काफी बदलाव आया.

राजनाथ सिंह ने कहा, पहले हम केवल एक क्रिकेट और हॉकी खेलने वाले देश के रूप में सारी दुनिया में जाने जाते थे और जब बात ओलंपिक खेलों की आती थी, तो मेडल टैली में अपना नाम तक दर्ज नहीं करा पाते थे, लेकिन अब भारत के बड़े-बड़े स्पोर्टिंग इवेंट्स में अपनी एक अलग पहचान बनाने में हम सफल साबित हो रहे हैं.

उन्होंने कहा, हमारा लखनऊ शहर अपने स्पोर्टिंग कलर के लिए पहले के समय में भी जाना जाता था, आजादी के बाद जब पहली बार नेशनल गेम का आयोजन किया गया तो 1948 में हमारे आपके इसी शहर में किया गया था. उसके बाद भी समय-समय पर यहां पर नेशनल और इंटरनेशनल स्पोर्टिंग इवेंट आयोजित होते रहे और अब यह सांसद खेल महाकुंभ भी लखनऊ के स्पोर्टिंग कैलेंडर में जुड़ चुका है. इसके दो संस्करण हो चुके हैं. यह सिलसिला लगातार आगे भी बना रहे.

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, रक्षामंत्री ने लखनऊ जनपद में इतने बड़े खेल महाकुंभ का आगाज करके सभी युवाओं को एक प्रेरणा का केंद्र बनाने का काम किया है. सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रतियोगिताएं होती हैं. हम सब जानते हैं कि खेलों के माध्यम से अपने शरीर को स्वस्थ बनाते हैं और मन को भी स्वस्थ बनाते हैं. उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों को बड़े ही उच्च पद पर तैनात किया जा रहा है उनको आगे बढ़ाया जा रहा है.

खिलाड़ियों, प्रशिक्षक, स्टेडियम श्रमिक एवं पत्रकार का किया सम्मान : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने खिलाड़ियों में गजेंद्र सिंह, निहाल गुप्ता, अबू हुबेदा, बरखा सोनकर, अमीर अली शाहनजफ़, शारदानंद तिवारी, तनु श्री पाण्डेय, ओम यादव, मोहित यादव, प्रशिक्षक के सम्मान में रजनीश मिश्रा, विमल द्विवेदी, निशित दिक्षित, विमल प्रताप राय, कृपा शंकर. वहीं श्रमिक कर्मचारी में लालचंद्र, आजाद, चंद्र शेखर, मनीराम, रियाजउद्दीन के साथ स्पोर्ट्स पत्रकार शरद दीप, अनुराग वाजपेई को अंग वस्त्र, प्रतीक चिन्ह के साथ पुरस्कार धनराशि देकर सम्मानित किया.

13 अप्रैल से प्रारंभ होकर 15 अप्रैल तक सांसद खेल महाकुंभा आयोजित किया जाएगा. इसमें लखनऊ शहर के सभी विधानसभा के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे. जिसमें 9 कैटेगरी में खेल प्रतियोगिताएं होंगी. इनमें एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, कबड्डी, बास्केटबॉल, फुटबॉल, हॉकी, बॉक्सिंग, ताइक्वांडो और कलारिपयटू शामिल है.