राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का मथुरा दौरा 25 सितंबर को, जानें धार्मिक यात्रा का शेड्यूल

मथुरा : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 25 सितंबर को धार्मिक यात्रा पर भगवान श्री कृष्ण की नगरी मथुरा पहुंचेंगी. राष्ट्रपति बांके बिहारी के दर्शन, निधिवन परिक्रमा मार्ग में स्थित सुदामा कुटी, श्रीकृष्ण जन्म स्थान, द्वापर कालीन प्राचीन मंदिर श्री कृष्ण कुब्जा मंदिर के दर्शन करेंगी. राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है.राष्ट्रपति के आगमन को लेकर मंगलवार को अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार और डीजीपी राजीव कृष्णा मथुरा पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. वृंदावन पहुंचे दोनों अधिकारियों ने बांके बिहारी मंदिर, निधिवन, सुदामा कुटी, मथुरा श्री कृष्ण जन्म स्थान, प्राचीन कृष्ण कुब्जा मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था परखी. इस दौरान साथ में मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए.

राष्ट्रपति का वृंदावन भ्रमण कार्यक्रम : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दिल्ली से स्पेशल ट्रेन के माध्यम से वृंदावन पहुंचेंगी. सबसे पहले राष्ट्रपति का काफिला वृंदावन श्री ठाकुर बांके बिहारी मंदिर पहुंचेगा. करीब 15 मिनट बांके बिहारी मंदिर में रुकने के बाद काफिला वृंदावन निधिवन के लिए रवाना होगा. परिक्रमा मार्ग में स्थित श्री नाभा कृष्ण सुदामा कुटी में साधु-संतों के साथ भी मुलाकात करेंगी.

 

मथुरा में श्री कृष्ण जन्म स्थान दर्शन करने के लिए राष्ट्रपति दोपहर 2 बजे पहुंचेगी. उसके बाद काफिला मथुरा शहर के प्राचीन द्वापर युग के श्री कृष्ण कुब्जा मंदिर पहुंचेगा. श्री कृष्ण कुब्जा मंदिर में दर्शन करने के लिए पहली बार कोई वीवीआईपी दर्शन करने पहुंच रहा है. डीजीपी राजीव कृष्ण ने बताया कि 25 सितंबर को महामहिम राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जा रही है.