मशेदपुर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू झारखंड आने वाली हैं. वह 26 फरवरी को जमशेदपुर आएंगी, जहां वह श्री जगन्नाथ मंदिर और आध्यात्मिक शिक्षा केंद्र का शिलान्यास करेंगी. यह जानकारी श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक चैरेटिबल सेंटर ट्रस्ट के ट्रस्टी एस के बेहरा ने दी है. श्री जगन्नाथ मंदिर और श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक केंद्र शहर में मरीन ड्राइव के पास बनाए जाएंगे.
जमशेदपुर में राष्ट्रपति के आगमन को लेकर श्री आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक चैरेटिबल सेंटर ट्रस्ट के ट्रस्टी एस के बेहरा ने बताया कि यह परियोजना केवल धार्मिक स्थान नहीं बल्कि आज की नई पीढ़ी और विद्यार्थियों के शैक्षनिक विकास के लिए एक आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक अध्यन केंद्र के रूप में विकसित होगा. आध्यात्मिक केंद्र के बाद उसी परिसर में 2.5 एकड़ क्षेत्र में पत्थर से मंदिर का निर्माण होगा. जहां वास्तुकला और अदभुत शिल्पकला का संगम दिखेगा.
एस के बेहरा ने बताया कि जब द्रौपदी मुर्मू झारखंड की राज्यपाल थी, उस समय यह भूमि आवंटित हुई थी. श्री जगन्नाथ मंदिर के निर्माण में लगभग चार वर्ष का समय लगेगा. हालांकि मंदिर निर्माण से पूर्व आध्यात्मिक केंद्र का निर्माण कर लिया जाएगा. मंदिर बनने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा. इससे रोजगार के अवसर भी मिलेंगे.
एस के बेहरा ने बताया कि भूमि पूजन शिलान्यास समारोह के दौरान राष्ट्रपति सभा को भी संबोधित करेंगी. इस अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार भी मौजूद रहेंगे. बता दें कि द्रौपदी मुर्मू भारत की राष्ट्रपति बनने के बाद दूसरी बार जमशेदपुर आ रही है. इसके पहले करनडीह में संथाली ओलचिकी लिपि के शताब्दी वर्ष के समापन समारोह में आई थी.