‘राहुल गांधी NDA की जीत की गारंटी’, लालगंज में गरजे CM योगी आदित्यनाथ

वैशाली: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वैशाली जिले के लालगंज में एक चुनावी सभा में राहुल गांधी को जीत की गारंटी बता दी. भारी बारिश और जलजमाव के बावजूद सभा स्थल ‘लालगंज बुलडोजर बाबा’ के नारों से गूंज उठा. यह सभा भाजपा प्रत्याशी संजय सिंह के पक्ष में आयोजित की गई थी, जो लालगंज विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं.

‘राहुल गांधी NDA की जीत की गारंटी’: सभा की शुरुआत में योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी एनडीए की जीत की गारंटी हैं. उन्होंने व्यंग्यपूर्ण लहजे में कहा, “जहां भी राहुल गांधी सभा करते हैं, वहां से एनडीए की जीत सुनिश्चित हो जाती है.” योगी ने विपक्ष के इस ‘प्रभाव’ को हास्य के तौर पर पेश किया, जिससे सभा में मौजूद समर्थकों में ठहाके गूंज उठे.

राहुल गांधी एनडीए के जीत की गारंटी है क्योंकि जहां भी राहुल गांधी सभा करते हैं, वहां से एनडीए की जीत सुनिश्चित होती है.”- योगी आदित्यनाथ, सीएम, उत्तर प्रदेश

‘नये भारत’ का संदेश: योगी आदित्यनाथ ने ‘नये भारत’ की ताकत पर जोर देते हुए कहा कि यह वह भारत है जो झुकता नहीं है. उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “अब कोई आंख दिखाता है तो उसकी आंख निकालने का काम किया जाता है.” यह बयान उनके कठोर प्रशासनिक शैली को प्रतिबिंबित करता है, जो उत्तर प्रदेश में माफिया और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए जाना जाता है. सभा में मौजूद लोगों ने इस पर जमकर तालियां बजाई.योगी का राजद-कांग्रेस पर हमला: राजद और कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुए योगी ने कहा कि एक ने राम रथ को रोका था, तो दूसरे ने राम भक्तों पर गोली चलवाई थी. उन्होंने इंडिया गठबंधन को माफिया राज लाने वाला करार दिया. योगी ने चेताया कि ये दल सत्ता में आएंगे तो गरीबों के राशन पर डकैती डालेंगे, बेटी-बहनों की सुरक्षा पर सेंध लगाएंगे और व्यापारियों को लूटेंगे.

माफियाओं को बुलडोजर की धमकी: योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा, “आपने उत्तर प्रदेश में देखा होगा कि माफिया का इलाज किस तरह होता है. जब बाबा का बुलडोजर चलता है, तो माफिया का कचरा निकालकर सड़क बना दी जाती है.” यह बयान उनके ‘बुलडोजर एक्शन’ की लोकप्रिय छवि को मजबूत करने वाला था, जिसने सभा को और उत्साहपूर्ण बना दिया.

संजय सिंह के पक्ष में अपील: लालगंज पहुंचकर योगी ने भाजपा प्रत्याशी संजय सिंह के पक्ष में जोरदार अपील की. उन्होंने कहा कि संजय सिंह जैसे समर्पित नेता ही बिहार को विकास के पथ पर ले जा सकते हैं. सभा के अंत में उन्होंने एनडीए की जीत का भरोसा जताया और कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर प्रचार करने का आह्वान किया.