रेल यात्रियों को बड़ी सौगात: प्रयागराज से नई दिल्ली के लिए चलेंगी दो नई स्पेशल ट्रेनें

प्रयागराज: दिल्ली जाने वालों के लिए राहत भरी खबर है. उत्तर मध्य रेलवे (NCR) ने भीड़ को देखते हुए प्रयागराज से नई दिल्ली के लिए दो स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया है. दोनों स्पेशल ट्रेनें कुल छह फेरे 6 से 9 दिसंबर 2025 के बीच लगाएंगी.

कुल 22 कोच: उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि पहली स्पेशल ट्रेन 6 और 8 दिसंबर को प्रयागराज से चलेगी. वापसी में यह 7 और 9 दिसंबर को नई दिल्ली से रवाना होगी. इस ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए गए हैं. इनमें 2 एसएलआर, 4 सामान्य, 7 स्लीपर, 3 इकॉनमी, 4 एसी तृतीय, 1 एसी प्रथम और 1 एसी द्वितीय कोच शामिल हैं.

ये रहेगी टाइमिंग और ठहराव

प्रयागराज से चलने वाली ट्रेन रात 23:20 बजे रवाना होगी और फतेहपुर रात 12:50 पर पहुंचेगी.
गोविंदपुरी, इटावा, टूंडला, अलीगढ़ और चिपियाना बुजुर्ग में निर्धारित ठहराव के बाद, अगले दिन 11:40 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी.
नई दिल्ली से 14:00 बजे प्रस्थान करेगी, सुबह 04:30 बजे प्रयागराज पहुंचेगी.
दूसरी 7 दिसंबर से: उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी के अनुसार, दूसरी स्पेशल ट्रेन 7 दिसंबर को प्रयागराज से एक फेरा और 8 दिसंबर को नई दिल्ली से लौटने वाला एक फेरा लगाएगी. इस स्पेशल ट्रेन में 19 कोच लगाए गए हैं, जिनमें एसएलआर/डी-1, एसएलआर-1, 4 सामान्य, 6 स्लीपर, 3 एसी तृतीय, 3 इकॉनमी कोच और एक एसी प्रथम शामिल है.

यह स्पेशल ट्रेन (02275/02276) प्रयागराज से रात 23:20 बजे चलेगी और अगली सुबह 11:40 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन दोपहर 14:00 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी और अगली सुबह 04:30 बजे प्रयागराज पहुंचेगी.

रेलवे का यात्रियों से अनुरोध: वहीं, रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे समय-सारणी, टिकट और अन्य जानकारी के लिए हेल्पलाइन 139, Rail Madad ऐप या रेलमदद की आधिकारिक वेबसाइट का उपयोग करें.