लखनऊ-कानपुर सफर हुआ महंगा, जाजमऊ पुल बंद होने से बदला रूट और किराया

कानपुर : शहर में जाजमऊ गंगा ब्रिज पर मरम्मत कार्य की वजह से एनएचएआई ने पुल पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगी दी है. इसका सीधा असर उन हज़ारों यात्रियों पर पड़ा है, जो रोजाना कानपुर से उन्नाव होते हुए लखनऊ का सफर करते हैं.

कानपुर में आरएम रोडवेज ने बताया पुल बंद होने की वजह से अब लखनऊ से कानपुर आने वाली बसें उन्नाव बाईपास से सीधे जाजमऊ की ओर न जाकर मरहला चौराहा से सरैंया क्रॉसिंग और फिर गंगा बैराज के रास्ते से झकरकटी बस स्टैंड पहुंचेंगी. ऐसे में बसों के रूट में 15 किलोमीटर का इजाफा हुआ, जिसके चलते अब लखनऊ से कानपुर का किराया 145 रुपये कर दिया गया है, जो अभी तक 123 रुपये था. ये डायवर्जन 13 दिसंबर तक लागू रहेगा. जिसके चलते बसें भी इस रूट से ही लखनऊ से कानपुर पहुंचेंगी.

आजाद मार्ग तक देने होंगे 101 रुपये

आरएम रोडवेज के महेश कुमार ने बताया जब बसें लखनऊ से कानपुर की ओर आएंगी तो सबसे पहले उनका स्टॉपेज आजाद मार्ग पर दिया गया है. आजाद मार्ग तक के लिए यात्रियों को 101 रुपये खर्च करने होंगे. इसी तरह अन्य स्टॉपेज का किराया भी अलग-अलग होगा. उन्होंने यह भी बताया कि लखनऊ से कानपुर आने वाली यात्रियों को अब कुछ और देर भी लगेगी. गंगा बैराज के रास्ते कंपनी बाग होते हुए बसें गुरुदेव चौराहा पर पहुंचेंगी. गुरुदेव चौराहा से फिर जीटी रोड होते हुए बसें झकरकटी बस स्टैंड तक जाएंगी.

स्टॉपेज दूरी कुल किराया
आज़ाद मार्ग 67 किमी 101 रुपये
कैलाश विहार 70 किमी 105 रुपये
मरहला चौराहा 74 किमी 110 रुपये
गंगा घाट चौकी 82 किमी 121 रुपये
गंगा बैराज 85 किमी 125 रुपये
क़र्बला चौराहा 86 किमी 128 रुपये
सिग्नेचर सिटी 88 किमी 130 रुपये
रावतपुर चौराहा 93 किमी 137 रुपये
झकरकटी 99 किमी 145 रुपये