लखनऊ के इकाना स्टेडियम में भारत-अफगानिस्तान की टक्कर, जून में होगा मुकाबला

लखनऊ : अटल बिहारी बाजपेई इकाना स्टेडियम में एक बार फिर एक दिवसीय क्रिकेट देखने को मिलेगा. विश्व कप 2023 के बाद पहली बार लखनऊ में एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट भारत और अफगानिस्तान के बीच जून में खेला जाएगा. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोमवार को इसकी घोषणा की है.

टी-20 विश्व कप के बाद भारतीय टीम का अगला मुकाबला अफगानिस्तान से होगा. BCCI ने इस सीरीज को लेकर बड़ा ऐलान किया है. आईपीएल 2026 के बाद भारतीय टीम अपने घर पर अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट और तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी.

खास बात यह है कि अफगानिस्तान की टीम पहली बार भारत में टेस्ट सीरीज खेलेगी. जारी कार्यक्रम के अनुसार, भारत और अफगानिस्तान के बीच दौरे की शुरुआत एकमात्र टेस्ट मैच से होगी. यह मुकाबला 6 से 10 जून के बीच न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा. इसके बाद तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज शुरू होगी.

वनडे सीरीज का एक अहम मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा. वनडे सीरीज के मुकाबले धर्मशाला, लखनऊ और चेन्नई में खेले जाएंगे. यह दौरा अफगानिस्तान क्रिकेट के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि उसे दुनिया की शीर्ष टीमों में शुमार भारत के खिलाफ उसकी सरज़मीं पर खेलने का अवसर मिलेगा.

यह सीरीज टीम इंडिया के लिए भी रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होगी, क्योंकि इसी के साथ 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों की औपचारिक शुरुआत मानी जा रही है. भारतीय फैंस के लिए यह मुकाबला और भी खास रहेगा, क्योंकि अनुभवी सितारे रोहित शर्मा और विराट कोहली एक बार फिर मैदान पर एक्शन में नजर आ सकते हैं.

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने बताया कि उत्तर प्रदेश इस मुकाबले के लिए पूरी तरह से तैयारी शुरू कर चुका है. हम शानदार मेजबानी करेंगे जैसा कि हम पहले से ही करते आ रहे हैं और यह वनडे मैच भी यादगार होगा. इससे पहले लखनऊ में इंडियन प्रीमियर लीग के भी सात मुकाबले खेले जाएंगे.