लखनऊ के इस रेलवे स्टेशन पर टॉय ट्रेन बनी आकर्षण का केंद्र, यात्री ले रहे जमकर सेल्फ़ी

लखनऊ: पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल के लखनऊ जंक्शन स्टेशन पर एक चलती हुई टॉय ट्रेन का मॉडल स्थापित किया गया है. यह छोटी सी चलती ट्रेन सिविल, मैकेनिकल और सिग्नलिंग सिस्टम की बुनियादी अवधारणाओं को दर्शाती है, जिससे यात्रियों को रेलवे संचालन की जानकारी प्राप्त होती है.

 

पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि यह मॉडल स्टेशन परिसर में यात्रियों और बच्चों का ध्यान आकर्षित कर रहा है. इससे ट्रेनों के प्रति उनकी जिज्ञासा और प्रशंसा बढ़ रही है.सेल्फी पॉइंट बना टॉय ट्रेन मॉडल: उन्हें रेलवे की कार्यप्रणाली समझने में मदद मिल रही है. इसके शैक्षिक महत्व के अलावा यह टॉय ट्रेन मॉडल स्टेशन की खूबसूरती को बढ़ाने के साथ-साथ यात्रियों के लिए एक पॉपुलर ‘सेल्फी पॉइंट’ भी बन गया है. इस टॉय ट्रेन मॉडल में टनल, स्टेशन, सिगनल और ट्रैक की संरचना को दर्शाया गया है. इस मॉडल को ऐशबाग स्थित कोचिंग डिपो ने डिजाइन और निर्मित किया है, जो रचनात्मकता, शिल्प कौशल और रेलवे विरासत के संरक्षण के प्रति समर्पण को दर्शाता है.

 

फरवरी में 57,771 यात्री बिना टिकट मिले: उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल ने फरवरी माह में कुल 57,771 पेनल्टी केस दर्ज किए. राजस्व अर्जन के क्षेत्र में भी मंडल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है. फरवरी में पेनाल्टी मद से 3,90,68,549 रुपए की आय अर्जित की. निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष मंडल ने 10.85% अधिक राजस्व अर्जित कर उपलब्धि हासिल की है. मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने इस उपलब्धि पर संबंधित अधिकारियों और टिकट जांच कर्मचारियों को बधाई दी.

 

विशेष चेकिंग अभियान जारी रहेगा: बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष जांच अभियान लगातार जारी रखें. वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी ने भी टिकट जांच स्टाफ और संबंधित विभागों की सराहना की. निर्देश दिए कि ट्रेनों और स्टेशनों पर सघन व आकस्मिक जांच अभियान नियमित रूप से संचालित किए जाएं, जिससे राजस्व संरक्षण सुनिश्चित हो सके.