लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद नितिन नबीन शनिवार को पहली बार लखनऊ पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुष्पगुच्छ देकर व भगवा अंगवस्त्र पहनाकर एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय अध्यक्ष से प्रदेश सरकार के मंत्रियों व कार्यकर्ताओं का परिचय भी कराया।
इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचे। यहां राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी एवं सभी अध्यक्षों के साथ बैठक कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर किए गए पोस्ट में लिखा कि प्रभु श्रीराम एवं लीलाधारी भगवान श्रीकृष्ण के चरणरज से पावन हुई संस्कृति, संस्कार और सृजन की साधना स्थली उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन जी का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन।
इसके बाद एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक 42 से अधिक स्थानों पर उनका स्वागत किया जा रहा है। इसके लिए 50 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता और पदाधिकारी तैनात हैं। राजधानी में एक लाख से ज्यादा पोस्टर-बैनर लगवाए गए हैं।
यहां ओपन वैन में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, सीएम योगी, दोनों उपमुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक करीब 18 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे। भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि पूरे रास्ते पर कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया।
वहीं, कार्यकर्ता फूल-मालाओं से उनका स्वागत कर रहे हैं और नारेबाजी कर रहे हैं। रोड शो के दौरान नितिन नवीन ने समर्थकों का अभिवादन करते हुए तलवार भी लहराई। बड़ी संख्या में बुर्का पहने मुस्लिम महिलाएं और टोपी पहने मुस्लिम पुरुष भी रोड शो में शामिल हुए हैं। वहीं, पादरियों और ननों ने भी उनका स्वागत किया।
ए.के. शर्मा बोले- लखनऊ में नितिन नवीन जी का स्वागत
BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के लखनऊ दौरे पर UP के मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा, “…हम उत्तर प्रदेश, लखनऊ में नितिन नवीन जी का स्वागत करते हैं। पार्टी के सभी कार्यकर्ता उनके आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर वह कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। हम उनके मार्गदर्शन और दिशा-निर्देश का इंतजार कर रहे हैं।
मंत्री नरेंद्र कश्यप बोले- चुनावों की तैयारियों को मजबूती मिलेगी
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के लखनऊ दौरे पर यूपी के मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तीन दिन के दौरे पर लखनऊ आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए यह खुशी का पल है, क्योंकि यह उनका पहला दौरा है।
उत्तर प्रदेश के लोग और कार्यकर्ता उनका गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन कर रहे हैं। उम्मीद है कि उनके आने से पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश आएगा और 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों को मजबूती मिलेगी। भारतीय जनता पार्टी पहले से ही अपनी चुनावी रणनीति पर काम कर रही है; अध्यक्ष का दौरा इस अभियान को और तेज और मजबूत करेगा।
शाम को नितिन नवीन विधायकों और सांसदों से मिलेंगे
यूपी के मंत्री भूपेंद्र चौधरी कहते हैं, “पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज संगठनात्मक दौरे पर लखनऊ आ रहे हैं। वे पार्टी कार्यालय में पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। शाम को वे विधायकों और सांसदों से मिलेंगे। अलग-अलग कार्यक्रम तय किए गए हैं। वे पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे। उनके दौरे से हमारे कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा।

