लखनऊ: बीजेपी विधायक डॉ. नीरज बोरा का भजन ‘बस आए श्याम नजर’ रिलीज, CM योगी ने किया पोस्टर लॉन्च

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी के लखनऊ उत्तर क्षेत्र से विधायक डॉ. नीरज बोरा ने राजनीति के साथ-साथ अब भजन गायकी में भी अपना हाथ आजमाया है. अपने जन्मदिन के खास मौके पर उन्होंने यूट्यूब पर अपना नया श्याम भजन लॉन्च कर प्रशंसकों को सरप्राइज़ दिया है. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस भजन के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन कर विधायक को अपनी शुभकामनाएं दीं.

 

डॉ. नीरज बोरा ने बताया कि आध्यात्मिकता और मधुर संगीत के संगम के साथ तैयार यह भजन ‘बस आए श्याम नजर’ अब सार्वजनिक रूप से रिलीज कर दिया गया है.

सीएम योगी ने किया भजन का विमोचन: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कर-कमलों से रिलीज हुआ यह भजन भगवान श्री कृष्ण के ‘श्याम’ स्वरूप के चरणों में पूरी तरह समर्पित है. अपनी कर्णप्रिय धुन और भावपूर्ण शब्दों के कारण यह भजन रिलीज होते ही श्रोताओं के बीच चर्चा का विषय बन गया है. डॉ. नीरज बोरा ने बताया कि शिवम श्रीवास्तव ने इस भजन को लिखा है और इसे संगीत भी उन्होंने ही दिया है. इस पूरे रचनात्मक प्रोजेक्ट के निर्माता वत्सल बोरा हैं, जिन्होंने भजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया है.

बरसाना और वृंदावन की गलियों में हुई शूटिंग: भजन में संगीत की गहराई को बढ़ाने के लिए बिंदु बोरा, पंकज चाहर और मधु पाठक मांझी सहित कई कलाकारों ने कोरस में अपना विशेष सहयोग दिया है. नृत्य निर्देशिका तृप्ति गुप्ता और उनकी टीम ने भजन के दृश्यों में अपनी सुंदर प्रस्तुति से चार चांद लगा दिए हैं. इस वीडियो के विजुअल्स का निर्देशन आकाश सिंह और शिवम श्रीवास्तव ने किया है, जिसमें ब्रज की महिमा दिखाई गई है. भजन की शूटिंग लाडली जी मंदिर बरसाना, दानघाटी मंदिर गोवर्धन और वृंदावन की रमणीय यमुना जी के तट पर हुई है.

 

भक्ति संगीत को बताया मन की शांति का मार्ग: वीडियो शूटिंग और एडिटिंग का महत्वपूर्ण कार्य लवी दीक्षित और उनकी टीम ने बेहद पेशेवर तरीके से पूरा किया है. इस अवसर पर डॉ. नीरज बोरा ने भावुक होते हुए कहा कि भक्ति संगीत वास्तव में मन की परम शांति का एक सशक्त माध्यम है. उन्होंने विश्वास जताया कि बाबा श्याम की असीम कृपा से बना यह भजन भक्तों के हृदय को गहराई से स्पर्श करने में सफल होगा. वर्तमान में इस भजन को यूट्यूब चैनल @mantra और विधायक के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर देखा व सुना जा सकता है.