लखनऊ में कल से विधानसभा सत्र, ट्रैफिक डायवर्जन लागू, घर से निकलने से पहले देखें रूट प्लान

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र कल से शुरू होकर 19 या 20 फरवरी तक चलेगा. वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना राज्यपाल के अभिभाषण के बाद 11 फरवरी को बजट पेश करेंगे, फिर बजट पर चर्चा होगी. वहीं, लखनऊ पुलिस ने कल के लिए विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन जारी किया है. बंदरियाबाग, रॉयल होटल, हजरतगंज और परिवर्तन चौक जैसे प्रमुख इलाकों में सामान्य यातायात के रूट बदल दिए गए हैं. यात्रियों को असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों कैंट, 1090 और चिरैयाझील का उपयोग करने की सलाह दी गई है.

​इन प्रमुख रास्तों पर रहेगा प्रतिबंध

​बंदरियाबाग से विधानसभा: यहां से यातायात राजभवन, DSO या हजरतगंज की ओर नहीं जा सकेगा. वाहन लालबत्ती, कैंट या 1090 चौराहा होकर निकलेंगे.
​DSO चौराहा से हजरतगंज: हजरतगंज और विधानसभा की ओर जाने वाला ट्रैफिक पार्क रोड और मेफेयर तिराहा होकर जा सकेगा.
​रॉयल होटल से हजरतगंज: विधानसभा के सामने से हजरतगंज की ओर जाने वाला रास्ता बंद रहेगा. वाहन कैसरबाग, परिवर्तन चौक या बर्लिंग्टन चौराहा होकर जा सकेंगे.
​परिवर्तन चौक/हिंदी संस्थान: यहां से हजरतगंज और विधानसभा की ओर ट्रैफिक नहीं जा सकेगा. वैकल्पिक मार्ग के रूप में कैसरबाग, चिरैयाझील या 1090 रूट का उपयोग करें.
​रोडवेज और सिटी बसों के लिए रूट
महानगर/गोमतीनगर की बसें: ये बसें सिकंदरबाग या हजरतगंज नहीं आ सकेंगी. इन्हें बैकुंठधाम, 1090 चौराहा और कैंट होकर भेजा जाएगा.
​चारबाग/केकेसी की बसें: चारबाग से आने वाली बसें हुसैनगंज या रॉयल होटल नहीं जा सकेंगी. ये लोको चौराहा, कैंट या बर्लिंग्टन होकर कैसरबाग जा सकेंगी.
​सिकंदरबाग चौराहे से हजरतगंज/विधानसभा की ओर जाने वाला सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा. वाहन दैनिक जागरण चौराहा, बालू अड्डा या चिरैयाझील होकर अपने गंतव्य को जा सकेंगे.
​ आपातकालीन सेवाओं के लिए राहत: ​ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एम्बुलेंस, फायर सर्विस, स्कूल वाहन और शव वाहन जैसे आपातकालीन वाहनों को डायवर्जन से छूट रहेगी. चिकित्सीय अपरिहार्यता की स्थिति में ट्रैफिक पुलिस प्रतिबंधित मार्ग पर भी सहयोग करेगी.

​मदद के लिए संपर्क: किसी भी समस्या या जानकारी के लिए ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है.