लखनऊ: पारा थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह के बाद धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. पीड़िता का आरोप है, कि पति सुदेश ने आर्य समाज मंदिर में दूसरी शादी कर ली है. विरोध करने पर आगरा हाईवे स्थित सिटी गार्डन के पास समझौते के बहाने बुलाकर जान से मारने की धमकी दी गई.
इंस्पेक्टर पारा सुरेश सिंह ने बताया महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी पति सुदेश और उसके सहयोगियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है. जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
जुलाई 2025 में प्रेम-विवाह: इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि पीड़िता के अनुसार, साल 2022 में उसके पहले पति की मौत हो गई थी. इसके बाद वह सुदेश नाम के युवक के संपर्क में आई. सुदेश ने शादी के नाम पर शारीरिक संबंध बनाए. हमने 14 जुलाई 2025 को चिनहट आर्य समाज मंदिर में प्रेम विवाह किया.
दिसंबर 2025 में दूसरी शादी: महिला ने बताया कि शादी के जब वह अपने ससुराल जाने की जिद करने लगी, तो सुदेश ने टालमटोल शुरू कर दी. इसी बीच पीड़िता को यह पता चला कि सुदेश ने 3 दिसंबर 2025 को उसकी जानकारी के बिना दूसरी युवती से भी शादी कर ली है.
तलाक का दबाव फिर धमकी: महिला का आरोप है, कि जब उसने दूसरी शादी का विरोध किया, तो पति और ससुराल वालों ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया. आरोपी की बहन और बहनोई ने तलाक के कागज पर साइन करने का दबाव बनाया.
25 दिसंबर 2025 को आगरा हाईवे स्थित सिटी गार्डन के पास समझौते के लिए बुलाया. महिला का आरोप है, कि वहां ससुराल पक्ष ने महिला को अपनाने से साफ इंकार कर दिया. उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी. तब परेशान होकर पीड़िता ने पारा थाने में शिकायत दर्ज कराई.