लखनऊ: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज लखनऊ पहुंचेंगी. वह होटल क्लार्क में ‘नेक्स्ट जेन GST सुधार’ पर होने जा रहे कॉन्क्लेव को संबोधित करेंगी. यह कॉन्क्लेव गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) में हाल ही में किए गए सुधारों को लेकर हो रहा है. इसे सरकार ‘GST बचत उत्सव’ के रूप में मना रही है.
सकारात्मक प्रभावों के बारे में बताएंगी वित्त मंत्री: इन सुधारों का उद्देश्य कर प्रणाली को और अधिक पारदर्शी, सरल और व्यापारी और जनता के लिए फायदेमंद बनाना है. वित्त मंत्री इस अवसर पर GST सुधारों की विशेषताओं, उनके कार्यान्वयन और व्यापार, उद्योग तथा आम लोगों पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों की विस्तृत जानकारी शेयर करेंगी.
व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे: कॉन्क्लेव में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल और अन्य लोग मौजूद रहेंगे. भाजपा में इस अभियान के संयोजक सुभाष यदुवंश ने बताया कि इस कार्यक्रम में चार्टेड अकाउंटेंट, अर्थशास्त्री, उद्योगपति, कंपनी सेक्रेटरी और पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स जैसे व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे.
दुकानों पर दाम कम होने के लगेंगे पोस्टर: भाजपा ने इन सुधारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए ‘नेक्स्ट जेन GST अभियान’ शुरू किया है. इसके तहत प्रदेश के हर जिले, नगर निगम, नगर पालिका और विकास खंडों में विशेष सत्र होंगे. इसके अलावा, प्रमुख बाजारों में दुकानों पर GST दरों में कमी से संबंधित स्टिकर और पोस्ट लगाए जा रहे हैं.
प्रत्येक विधानसभा में होगा सम्मेलन: प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में ‘GST बचत उत्सव’ के तहत सम्मेलन होंगे, जहां लाभार्थियों के वीडियो बनाकर प्रचारित किए जाएंगे. शक्ति केंद्रों पर होर्डिंग्स भी लगाई जा रही हैं, ताकि जनता को इन सुधारों के लाभों की जानकारी मिल सके. यह अभियान व्यापारियों और आम जनता के लिए GST को और सरल बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगा.