लखनऊ: लखनऊ विकास प्राधिकरण की फिर बड़ी कार्रवाई सामने आई है. गोसाईंगंज में गुरुवार को अभियान चलाकर 85 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही आठ अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया गया. वहीं, सैरपुर थानाक्षेत्र के शेरपुर गांव में 22 बीघा में तीन अवैध प्लाटिंग को विरोध के बीच ध्वस्त किया गया.
प्रवर्तन जोन दो के जोनल अधिकारी विराग करवरिया ने बताया कि गोसाईंगंज में न्यू जेल रोड स्थित ग्राम-शिवलर, बलियाखेड़ा आदि जगहों पर अवैध प्लाटिंग के खिलाफ अभियान चलाया गया. इस दौरान 85 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही आठ अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया. बुलडोजर से अवैध कब्जों को हटावाया गया. इस दौरान एलडीए की टीम के साथ पुलिस भी मौजूद रही.
प्रवर्तन जोन चार के जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह ने बताया कि सैरपुर थानाक्षेत्र के ग्राम-शेरपुर में दो और एक अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई की गई. इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध जताते हुए कार्रवाई रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रवर्तन टीम ने अभियान जारी रखा.
कार्रवाई में लगभग 22 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से किए गए विकास कार्यों को ध्वस्त किया गया. इसके अलावा सैरपुर में रैथा रोड पर 400 और 500 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्डों पर किये जा रहे दो अवैध व्यावसायिक निर्माण सील किए गए. बता दें कि एलडीए की ओर से लखनऊ में अवैध प्लाटिंग और कब्जों को लेकर अभियान लगातार जारी है. इसी कड़ी में यह एक्शन लिया गया.