वाराणसी में ब्रिक्स सम्मेलन संपन्न, विदेशी मेहमानों ने की गंगा आरती और बाबा विश्वनाथ के दर्शन

वाराणसी: काशी में आयोजित ब्रिक्स संस्कृति कार्य समूह की दूसरी बैठक के साथ शुक्रवार को कार्यक्रम संपन्न हुआ. बैठक का शुभारंभ भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के संयुक्त सचिव डॉ. अरविंद कुमार ने किया. जहां उन्होंने पहले दिन आरंभ हुई सारगर्भित चर्चाओं को आगे बढ़ाते हुए विचार-विमर्श जारी रखा. इस दौरान सांस्कृतिक सहयोग को सुदृढ़ करने और सांस्कृतिक क्षेत्र में साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने के प्रति ब्रिक्स सदस्य देशों की सामूहिक चर्चा की.

बता दें कि पहले परिचर्चा सत्र सांस्कृतिक विरासत संरक्षण और सांस्कृतिक संपदा की वापसी हेतु संस्थागत रणनीतियां विषय पर रखी गई. जहां सभी प्रतिनिधियों ने सांस्कृतिक संपदा की वापसी से जुड़ी चुनौतियों के समाधान हेतु सहयोग को और सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता दोहराई और विरासत संरक्षण को साझा उत्तरदायित्व के रूप में बताया.

चर्चाओं में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि सांस्कृतिक विरासत पहचान को बेहतर करने, सामुदायिक अधिकारों की रक्षा करने और अंतर-सांस्कृतिक समझ को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है.

सांझा विरासत के संरक्षण पर दिया जोर: इसके उपरांत आयोजित परिचर्चा सत्र साझा विरासत के संरक्षण हेतु सहयोगात्मक दृष्टिकोण: यूनेस्को विश्व धरोहर अभिसमय, अमूर्त सांस्कृतिक विरासत तथा मेमोरी ऑफ द वर्ल्ड कार्यक्रम के अंतर्गत संयुक्त नामांकन का संचालन डॉ. अरविंद कुमार ने किया. इस सत्र में ब्रिक्स देशों के बीच संयुक्त नामांकन की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया. प्रतिनिधियों ने साझा मूर्त एवं अमूर्त सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, मान्यता और पीढ़ी-दर-पीढ़ी हस्तांतरण को बढ़ावा देने के प्रभावी माध्यम के रूप में संयुक्त नामांकन की संभावनाओं पर चर्चा की. साथ ही, ब्रिक्स ढांचे के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय सहयोग को और सुदृढ़ करने पर भी बल दिया गया.

2030 के बाद के एजेंडे पर भी हुई चर्चा: दिन के अंतिम परिचर्चा सत्र, सतत विकास के प्रेरक के रूप में संस्कृति: 2030 के बाद का एजेंडा का संचालन भारत सरकार की अतिरिक्त सचिव अमृता सरभाई ने किया. इस सत्र में संस्कृति को सतत विकास के सक्षमकर्ता और उत्प्रेरक के रूप में मिल रही बढ़ती मान्यता पर विचार किया गया. चर्चा के दौरान संस्कृति, सामाजिक समावेशन, पर्यावरणीय स्थिरता, आर्थिक लचीलापन और सामुदायिक कल्याण के बीच अंतर्संबंधों को रेखांकित किया गया. साथ ही, वर्ष 2030 के बाद उभरते वैश्विक विकास विमर्श में सांस्कृतिक आयामों को समाहित करने के संभावित मार्गों का भी अन्वेषण किया गया.
मेहमानों ने देखी गंगा आरती: दिन के कार्यक्रम में काशी की जीवंत सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाला एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया. प्रतिनिधियों ने गंगा आरती भी देखा. इस दौरान उन्होंने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का भ्रमण किया तथा लाइट एंड साउंड शो का आनंद लिया. इन गतिविधियों के माध्यम से उन्हें भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का जीवंत अनुभव प्राप्त हुआ. इसके साथ ही ब्रिक्स संस्कृति कार्य समूह की दूसरी बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई.