विदेश यात्रा पर टैक्स लगाने की अफवाहों पर पीएम मोदी ने लगाया विराम, बोले- ‘कोई प्रतिबंध या फैसला नहीं लिया गया’

नई दिल्ली : सरकार की ओर से विदेश यात्रा पर टैक्स, सेस या सरचार्ज लगाए जाने की खबरों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरी तरह खारिज कर दिया है. इस बारे में प्रधानमंत्री ने कहा कि इस तरह की खबरों में रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है और विदेशी यात्रा पर किसी तरह का प्रतिबंध या अतिरिक्त बोझ डालने का कोई सवाल ही नहीं उठता.

दरअसल, एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि केंद्र सरकार विदेशी यात्रा पर टैक्स, सेस या सरचार्ज लगाने के प्रस्ताव पर विचार कर रही है. साथ ही रिपोर्ट में कहा गया था कि इस प्रस्ताव पर उच्च स्तर पर चर्चा चल रही है और इससे मिलने वाली राशि सीधे केंद्र सरकार को जाएगी.

रिपोर्ट के मुताबिक, यह संभावित कदम युद्ध संबंधी वित्तीय दबाव, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और आयात लागत को कम करने के मकसद से अस्थायी तौर पर एक साल के लिए लाया जा सकता है. रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि इस पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है और वित्त मंत्रालय ने इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी थी.

इन दावों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “यह पूरी तरह गलत है. इसमें जरा सी भी सच्चाई नहीं है. विदेशी यात्रा पर ऐसे किसी प्रतिबंध का कोई सवाल ही नहीं है.”

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 मई को हैदराबाद में एक कार्यक्रम के दौरान पश्चिम एशिया संकट और देश के आर्थिक हितों को ध्यान में रखते हुए नागरिकों से कुछ महत्वपूर्ण अपील की. उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में छोटे-छोटे कदम भी देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में मदद कर सकते हैं.