लखनऊ:मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस वर्ष के अंत में प्रस्तावित खंड-शिक्षक विधायक (एमएलसी), पंचायत चुनाव और अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर पिच तैयार कर दी है। सीएम ने इन चुनावों से पहले लाखों शिक्षकों व उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा के बाद शिक्षामित्रों, अनुदेशकों का मानदेय बढ़ाने की घोषणा कर मजबूत पारी की शुरुआत की है।सीएम ने जनवरी के अंत में बेसिक-माध्यमिक के 15 लाख शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों व उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने की घोषणा की। इसकी वे लंबे समय से मांग कर रहे थे। साथ ही 1.68 लाख शिक्षामित्रों व अनुदेशकों का नौ साल का सूखा भी समाप्त किया है। इनके मानदेय में 80 फीसदी के भारी इजाफा की घोषणा को 2027 के चुनावी चौसर के लिए मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा है।