श्रावस्ती में CM योगी बोले- ‘उपद्रव का दुस्साहस किया तो चुकानी पड़ेगी भारी कीमत, अराजकता बर्दाश्त नहीं’

श्रावस्ती : जिले में 510 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के शिलान्यास व लोकार्पण के अवसर पर सीएम योगी ने बरेली में हुए बवाल को लेकर कड़ा संदेश दिया. इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि कुछ लोग हैं जिनको शांति और कल्याण अच्छा नहीं लगता. जब भी कोई हिंदू पर्व और त्योहार आता है, उनको गर्मी आने लगती है और उनकी गर्मी को शांत करने के लिए हमें डेंटिंग-पेंटिंग का सहारा लेना पड़ता है.’पीढ़ियों के लिए नजीर बन जाएगी कार्रवाई’ : सीएम योगी ने कहा कि जो लोग ‘आई लव मोहम्मद’ कहकर अव्यवस्था, आगजनी और तोड़फोड़ का सहारा ले रहे हैं. उन्हें मालूम है कि यह शारदीय नवरात्रि है. ‘चण्ड-मुण्ड’ बनकर कार्य करोगे तो मां भगवती कभी बर्दाश्त करने वाली नहीं हैं. जैसे मां भगवती चंड-मुंड को रौंदने का कार्य करती हैं, उसी प्रकार समाज के लिए संकट उत्पन्न करने वाले तत्वों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी जो कई पीढ़ियों के लिए नजीर बन जाएगी.

‘न छूटोगे और न छूट पाओगे’ : उन्होंने अराजक तत्वों को दो टूक कहा कि सनातन सभी का सम्मान करता है, मगर मूल्यों की अवहेलना करने वालों के लिए स्पष्ट संदेश है कि ‘न छूटोगे और न छूट पाओगे’. मुख्यमंत्री ने 7 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि के जन्मदिवस पर छुट्टी की घोषणा करते हुए प्रदेश भर के देवालयों में संस्कृति व पर्यटन विभाग के सहयोग रामायण पाठ के आयोजन की बात कही. उन्होंने कहा कि इस्लाम में एक ओर कहते हैं कि हम बुत परस्ती का विरोध करते हैं, ये उनकी फिलॉसफी है.

‘मां भगवती कभी बर्दाश्त करने वाली नहीं’ : उन्होंने कहा कि हम तो मूर्ति पूजक हैं साकार और निराकार ब्रह्म की पूजा करते हैं. उन्होंने कहा कि शारदीय नवरात्रि व विजयादशमी का पर्व पर अव्यवस्था पैदा करने वाले चंड-मुंड जैसा कार्य कर रहे हैं, जिसे मां भगवती कभी बर्दाश्त करने वाली नहीं है. मां भगवती तो ऐसे चंड और मुंड को रौंदने का ही कार्य करती हैं और इसीलिए सभी सनातन धर्मावलंबी मां भगवती दुर्गा की पूजा इसीलिए करते हैं, जिससे शक्ति अर्जित कर सकें.उत्तर प्रदेश में लाउड स्पीकरों पर प्रतिबंध : सीएम योगी ने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास का संदेश भारत दुनिया को दे रहा है, लेकिन, कुछ लोग हैं जिन्हें शांति अच्छी नहीं लगती. महापुरुष किसी भी परंपरा में हों उनका सम्मान होना चाहिए, मगर आस्था अंतःकरण का विषय है, प्रदर्शन का नहीं. चौराहों पर उपद्रव की कोई छूट नहीं है. लाउड स्पीकरों पर प्रतिबंध उत्तर प्रदेश में यथावत रहेगा. उन्होंने कहा कि वे लोग जो तालिबानी व्यवस्था पर विश्वास करते हैं मैं उनसे कहना चाहता हूं, तालिबानी व्यवस्था और दारुल इस्लाम की उनकी मंशा जन्नत में भी पूरी नहीं होने वाली है.

सीएम योगी ने कहा कि हम सम्मान सभी को देंगे, सुरक्षा सभी को देंगे, लेकिन अगर किसी ने आस्था के नाम पर तोड़फोड़ व आगजनी की तो वह परिणाम भुगतने को तैयार रहे. उन्होंने कहा कि राह चलते नागरिकों पर हमला करने वालों, बेटियों को परेशान करने वालों, व्यापारियों व पुलिस पर हमला करने वालों को हम छोड़ेंगे नहीं और छूटने भी नहीं देंगे. उन्होंने कहा कि जो बच्चों व महिलाओं की आड़ में बुजदिलों की तरह कार्य करने का काम कर रहे हैं, इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी.
सबका साथ और सबका विकास हमारा ध्येय’ : उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार बिना भेदभाव के सभी को सुविधा, सम्मान और संरक्षण के लिए कार्य कर रही है. सबका साथ और सबका विकास हमारा ध्येय है. श्रावस्ती में एयरपोर्ट बन रहा है, देश-दुनिया के टूरिस्ट यहां आएंगे तो विकास श्रावस्ती का होगा. ये नए भारत का नया उत्तर प्रदेश है और उपद्रवियों व माफियाओं से निपटना जानता है. उन्होंने सपा-बसपा और कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला करते हुए कहा कि वह दिन गए जब लूटमार और माफियाओं से हाथ मिलाने का चलन था. हम अराजकता बर्दाश्त नहीं करते और जो ऐसा करेगा उसकी छाती पर बुलडोजर चलाना भी जानते हैं.

19 अक्टूबर को भव्य दीपोत्सव का आयोजन : सीएम योगी ने कहा कि आज नए भारत का दर्शन हो रहा है, विकास और विरासत की नई आभा देखने को मिल रही है. हर सनातन धर्मावलंबी एक ही बात कहता था, राम लला हम आएंगे मंदिर वहीं बनाएंगे. मंदिर तो बन ही गया, अब अयोध्या पर्यटन मानचित्र पर नया केन्द्र बनकर उभर रही है. उन्होंने कहा कि 19 अक्टूबर को इस बार फिर से भव्य दीपोत्सव का आयोजन होने जा रहा है, जिसको लेकर सीएम योगी ने सभी से अपने घरों में दीप जलाने का आह्वान किया. भारतीय संस्कृति जितनी समृद्ध होगी और भारत जितना मजबूत होगा उतना ही वैश्विक लोक कल्याण का मार्ग प्रशस्त होगा. आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में यही संदेश भारत दुनिया को दे रहा है.

भेड़िया के आतंक वाले कैसरगंज के क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि श्रावस्ती, बहराइच, गोंडा व बलरामपुर के जिन लोगों के पास मकान नहीं हैं उनको आवास उपलब्ध कराया जाएगा तथा सर्वे का कार्य जारी है, जिसके पास राशन कार्ड व आयुष्मान कार्ड नहीं है, उन्हें यह उपलब्ध कराया जाएगा. मुख्यमंत्री राहत कोष से भी सहायता उपलब्ध करायी जाएगी.

 

महर्षि वाल्मीकि जयंती पर प्रदेश में रहेगी छुट्टी : सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर 7 अक्टूबर को छुट्टी की घोषणा भी हम उनकी इस पवित्र भूमि से कर रहे हैं. हर देव मंदिर में इस दिन महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचे गए रामायण के अखंड पाठ का भी कार्यक्रम होगा, जिसको प्रदेश का पर्यटन व संस्कृति विभाग आयोजित करेगा. सीएम योगी ने कहा कि शारदीय नवरात्रि के इस पावन अवसर पर माता जानकी व महर्षि वाल्मीकि की इस पवित्र भूमि को नमन करता हूं।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र विपिन मिश्र पुत्र राजकिशोर मिश्र, शिवांश सिंह पुत्र आलोक कुमार सिंह, ज्योति पांडेय पुत्री राजेंद्र प्रसाद पांडेय, साहिबे आलम पुत्र नूर आलम, आशीष यादव पुत्र शोभाराम यादव को सम्मानित किया.