कानपुर:उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बुधवार को कानपुर में लखनऊ के संदीप हत्याकांड को लेकर समाजवादी पार्टी को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि समाचार के माध्यमों से इस घटना में समाजवादी पार्टी से जुड़े लोगों की संलिप्तता की बात सामने आई है। चुनाव नजदीक आते देख विपक्षी दल आपराधिक तत्वों को एकत्रित करने का प्रयास कर रहे हैं। प्रदेश सरकार ऐसे सभी तत्वों को बेनकाब कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगी।
उप मुख्यमंत्री ने केपीएम अस्पताल में प्रशासनिक अधिकारियों और डॉक्टरों के साथ बैठक की। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाओं में सुधार कर जनता की दिक्कतों को हर हाल में दूर किया जाए।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पत्रकारों से कहा कि कानपुर को विकास के मामले में अग्रणी बनाने की हमारी प्रतिबद्धता है। प्रदेश सरकार कानपुर के पुराने औद्योगिक स्वरूप को पुनर्जीवित करने के लिए लगातार काम कर रही है। कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे और नया एयरपोर्ट बनकर पूरी तरह तैयार हैं। शहर में बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयां स्थापित हों, इसके लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।