सपा कार्यालय में हुआ हंगामा,आपस में भिड़े कार्यकर्ता, जमकर हुई धक्का-मुक्की

समाजवादी पार्टी में चल रही अंदरूनी कलह अब खुलकर सामने आने लगी है। मेरठ में जेल रोड स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित एक कार्यक्रम में पार्टी के नेता आपस में ही भिड़ गए। इस दाैरान खूब धक्का मुक्की हुई।

कार्यकम में हुआ हंगामा, जमकर धक्का-मुक्की
सपा कार्यालय जेल रोड पर शुक्रवार दोपहर समाजवादी बाबा साहेब आंबेडकर वाहिनी संविधान मान स्तंभ स्थापना का कार्यक्रम था। इसमें मुख्य अतिथि सपा की आंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाई लाल भारती आए हुए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद पगड़ी पहनाए जाने को लेकर आपस में कहासुनी और धक्कामुक्की हो गई।

जिला अध्यक्ष विपिन चौधरी का कहना है कि कार्यक्रम बहुत अच्छे से संपन्न हुआ। मामूली की कहासुनी हुई, कोई बड़ी बात नहीं, जबकि प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि काफी देर गहमागहमी और खूब धक्का मुक्की हुई।

लखनऊ में बैठक के बाद बढ़ी खींचतान
बता दें कि लखनऊ में हुए घमासान के बाद सपाइयों में खींचतान और बढ़ती नजर आ रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के सामने हाल ही में हुई बैठक के बाद से ही एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप दोहराए जाते रहे। कई समर्थक तो लखनऊ में ही डटे रहे।

सपा समर्थकों में गुटबाजी और आपसी खींचतान जगजाहिर है। पूर्व विधायक योगेश वर्मा और विधायक अतुल प्रधान में खटास चल रही है। जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी की अतुल प्रधान और योगेश वर्मा से नहीं बनती।

बैठक में एक दूसरे पर लगाए थे आरोप-प्रत्यारोप
पूर्व कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर के बेटे नवाजिश का एक वीडियो लोकसभा चुनाव में वायरल कर दिया गया था। वायरल करने वाले सपाई ही थे। लखनऊ में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के सामने सपाइयों में खूब घमासान हुआ था।

एक-दूसरे को आस्तीन का सांप तक कहा गया था। लोकसभा चुनाव में हार का ठीकरा एक-दूसरे पर फोड़ा गया। अखिलेश यादव ने भी नाराजगी जताई थी और कहा था कि और बेहतर ढंग से चुनाव लड़ाया जाता तो जीत होती।