सहारनपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को सहारनपुर के दौरे पर हैं. मुख्यमंत्री सबसे पहले सिद्धपीठ श्री शाकुंभरी देवी पवित्र तीर्थस्थल पहुंच कर पूजा-अर्चना करेंगे. मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है. वहीं स्थानीय कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है.
योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर, शुक्रवार को ही मंडलायुक्त रूपेश कुमार, DIG अभिषेक सिंह, DM मनीष बंसल और SSP अभिनंदन सिंह ने शाकुंभरी देवी पहुंच कर हैलीपेड़ और तमाम व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. सीएम के स्वागत के लिए बड़े पैमाने पर तैयारियां की गई हैं. मुख्यमंत्री मां भगवती की पूजा-अर्चना के बाद आसपास के क्षेत्रों में चल रही पर्यटन कार्यों के साथ ही सेतु निगम (ब्रिज कॉर्पोरेशन) द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों क भी समीक्षा करेंगे.
दरअसल, मुख्यमंत्री शनिवार का सुबह हरियाणा के कैथल जिले के गांव सांगल में निर्धारित कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे. जहां वह करीब 2 बजे तक रुके, इसके बाद हेलिकॉप्टर से 2:25 बजे गांव नागलमाफी में बनाए गए हैलीपैड पर उतरेंगे. 2:35 बजे सीएम कार से माँ शाकुंभरी देवी पहुंचेंगे, जहां से वह पर्यटन कॉरीडोर परियोजनान्तर्गत निर्माणाधीन सोविनयर शॉप जाएंगे.
2:55 बजे निर्माणाधीन टी.एफ.सी. (टूरिस्ट फैसिलीटेशन सेण्टर) स्थल का निरीक्षण करेंगे, 3:15 बजे सीएम अधिकारियों के साथ विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं के प्रस्तुतीकरण एवं चैत्र नवरात्रि मेले की समीक्षा करेंगे. 3:45 बजे जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करने के बाद सीएम हेलिकोप्टर से सरसावा एयरपोर्ट आयेंगे, जहां से वे राजकीय विमान से शाम 5:55 बजे लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे.
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि शनिवार यानी आज दोपहर बाद सीएम योगी सहारनपुर के सिद्धपीठ शाकुंभरी देवी के दौरे पर पहुंचें. मुख्यमंत्री की हेलीकॉप्टर लैंडिंग के लिए नागलमाफी गांव के पास एक अस्थायी हेलीपैड बनाया गया है. ताकि मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारू और व्यवस्थित बनी रहें.
पर्यटन विभाग के अधिकारी रवि शंकर ने बताया कि सिद्धपीठ के आसपास लगभग 75 करोड़ की लागत से कई निर्माण परियोजनाएं चलाई जा रही हैं. शाकुंभरी देवी तीर्थ मार्ग को मज़बूत करने का 85% काम, शाकुंभरी द्वार परिसर का 70% काम और तीर्थ मार्ग पर लाइटिंग सिस्टम का 80% काम पूरा हो चुका है. इसके अलावा सेतु निगम विभाग द्वारा भूरादेव से सिद्धपीठ तक बनाए जा रहे एलिवेटेड ब्रिज और अप्रोच रोड का निर्माण कार्य भी तेज़ी से आगे बढ़ रहा है.